पठानकोट में अज्ञात वाहन ने बाइक सवार कुचला: सरकारी परमानंद स्कूल के पास हुआ हादसा; सिर में चोट लगने से गई जान – Pathankot News
पठानकोट के सरकारी स्कूल परमानंद के सामने एक सड़क हादसे में अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल सवार 25 वर्षीय युवक के सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक अपने वाहन सहित मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान तारागढ़ के गांव दनौर निवासी दिनेश कुमार के तौर पर हुई है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। निजी काम से दीनानगर गया था दिनेश पुलिस को दिए बयान में मृतक के पिता पुरुषोत्तम लाल निवासी गांव दनौर ने बताया कि वह मेहनत-मजदूरी का काम करते हैं। उनके दो बेटियां और एक बेटा है। उनका 25 वर्षीय बेटा दिनेश कुमार, जो कि कारपेंटर (लकड़ी का काम) करता था। बीती रात दिनेश घर से यह कहकर निकला था कि वह किसी निजी काम से दीनानगर बाजार जा रहा है। दिनेश अपनी काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल नंबर PB-35-AL-9268 पर सवार होकर दीनानगर की तरफ गया था।
शाम करीब 4:45 पर पिता को एक जानकार व्यक्ति ने फोन पर सूचना दी कि सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल परमानंद के सामने उनके बेटे दिनेश कुमार की मोटरसाइकिल को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी है। माथे और सिर पर गंभीर चोटें आईं पिता ने बताया कि चश्मदीदों के अनुसार, अज्ञात वाहन चालक बेहद तेज रफ्तार में लापरवाही से गाड़ी चला रहा था और उसने बिना हॉर्न दिए दिनेश की मोटरसाइकिल को साइड से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि दिनेश के माथे और सिर पर गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मोटरसाइकिल भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, मामला दर्ज हादसे के बाद घायल दिनेश कुमार को तुरंत पठानकोट के अमनदीप अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलते ही मृतक के पिता पुरुषोत्तम लाल अपने भाई सोहन लाल के साथ अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने दिनेश कुमार को मृत घोषित कर दिया। तारागढ़ पुलिस के एएसआई सतपाल ने पीड़ित पिता के बयानों के आधार पर अज्ञात फरार वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चलाकर जान लेने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है।
Source link

