फतेहगढ़ साहिब में ATM कार्ड बदलकर खाते से उड़ाए रुपए: अचानक बूथ में घुसे युवकों ने बातों में उलझाकर किया खेल, 41,300 रुपए गायब – Khanna News
फतेहगढ़ साहिब के बस्सी पठाना में एटीएम कार्ड बदलकर एक व्यक्ति के खाते से 41,300 रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। यह पूरी घटना एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। बस्सी पठाना निवासी हीरा लाल, जो साउंड सिस्टम का काम करते हैं। हीरा लाल ने पुलिस को बताया कि वे दूध के पैसे देने के लिए एटीएम से नकदी निकालने गए थे। उसी दौरान टोपी पहने एक अज्ञात व्यक्ति उनके ठीक पीछे आकर खड़ा हो गया। हीरालाल ने उसे पीछे हटने के लिए कहा, लेकिन वह वहीं खड़ा रहा। पैसे निकाल रहा था तभी बूथ घुस गए दो युवक, बातों उलझाकर कार्ड बदला हीरालाल के अनुसार, जैसे ही उन्होंने एटीएम मशीन में अपना पिन नंबर डालकर पैसे निकाले, तभी एक और युवक एटीएम के अंदर आ गया। दोनों ठगों ने बातों में उलझाकर उनका असली एटीएम कार्ड बदल दिया और उन्हें दूसरा कार्ड थमा दिया। बाद में आरोपियों ने अलग-अलग जगहों से उनके खाते से कुल 41,300 रुपये निकाल लिए। सीसीटीवी फुटेज आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस पीड़ित को ठगी का पता चलने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को शिकायत दी। आरोपियों के मोटरसाइकिल पर आने की बात भी सामने आई है। पुलिस चौकी सिटी बस्सी पठाना के प्रभारी जगदीप सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। एटीएम की सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली गई है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी भी की जा रही है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि एटीएम का उपयोग करते समय किसी भी अजनबी को अपने पास न आने दें। अपना पिन नंबर किसी के साथ साझा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या बैंक अधिकारियों को दें।
Source link

