फतेहगढ़ साहिब में बॉक्स बेड से महिला का शव मिला: संदेह होने पर लोगों ने रेहड़ी रोकी, पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया – Khanna News
फतेहगढ़ साहिब में मंडी गोबिंदगढ़ की कचहरी के पास सोमवार रात एक बॉक्स बेड के अंदर महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। बड़ी संख्या में लोग भी मौके पर जमा हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक जुगाड़ू रेहड़ी (मोटर रिक्शा) के जरिए यह बॉक्स बेड ले जाया जा रहा था। कुछ लोगों को रेहड़ी में रखे सामान पर संदेह हुआ। उन्होंने रेहड़ी को रोककर पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बॉक्स बेड की तलाशी ली, तो उसके अंदर से एक महिला का शव बरामद हुआ। पुलिस ने तत्काल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए स्थानीय सिविल अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने एक महिला और व्यक्ति को हिरासत में लिया मौके पर मौजूद लोगों से मिली जानकारी और संदेह के आधार पर पुलिस ने एक महिला और एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ जारी है। इस मामले में एक अन्य व्यक्ति के फरार होने की सूचना है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। जांच अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि महिला की मौत कैसे हुई और शव को बॉक्स बेड में रखकर कहां ले जाया जा रहा था। पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम का पता लगाया जा सके। डीएसपी बिक्रमजीत सिंह घुम्मन ने जानकारी दी कि महिला की पहचान, मौत के वास्तविक कारण और इस मामले में किसी साजिश या हत्या की संभावना का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। उन्होंने कहा कि तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हिरासत में लिए गए संदिग्धों से गहन पूछताछ जारी है।
Source link

