पठानकोट में युवक की ट्रेन से कटकर मौत: सुजानपुर फाटक पर रेल लाइन पर चपेट में आया; बिहार का रहने वाला – Pathankot News
पठानकोट-जम्मू रेलवे ट्रैक पर सुजानपुर के फिरोजपुर कलां फाटक के समीप बुधवार दोपहर एक हादसा हो गया। रेलवे ट्रैक के किनारे कबाड़ बीन रहे एक 18 वर्षीय प्रवासी युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। मृतक की पहचान दीपक, पुत्र राजेश रविदास, मूल निवासी गांव पार्वती, जिला नालंदा, बिहार के तौर पर हुई है। लेकिन, मौजूदा समय में दीपक पठानकोट के सुजानपुर में रह रहा था। जीआरपी चौकी प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि लाश को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचा दिया गया है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। वीरवार को लाश का पोस्टमार्टम किया जाएगा। कबाड़ बीनते समय अचानक आई ट्रेन सिविल अस्पताल पठानकोट पहुंचे मृतक के मौसेरे भाई रोशन ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि दीपक मूल रूप से बिहार के नालंदा जिले का रहने वाला था और यहां कबाड़ बीनकर अपना गुजारा करता था। बुधवार को वह फिरोजपुर कलां फाटक के पास रेलवे ट्रैक के आसपास कबाड़ इकट्ठा कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक आती ट्रेन को नहीं देख पाया और उसकी चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि दीपक की मौके पर ही मौत हो गई। माता-पिता के पहुंचने पर कल दर्ज होंगे बयान हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिचित मौके पर पहुंचे। जीआरपी भरोली चौकी के इंचार्ज अनिल कुमार ने बताया कि घटना के तुरंत बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम व कार्रवाई के लिए पठानकोट के सिविल अस्पताल भिजवा दिया गया है। बिहार में रह रहे मृतक के माता-पिता को हादसे की सूचना दे दी गई है। परिजनों के गुरुवार पठानकोट पहुंचने पर उनके आधिकारिक बयान दर्ज किए जाएंगे और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
Source link

