पठानकोट में पावरकॉम का ‘हाई-वोल्टेज’ टॉर्चर: डबल फेस सप्लाई और ट्रांसफार्मर हुए खराब; दर्जनों घरों के बिजली उपकरण जले – Pathankot News

पठानकोट में पावरकॉम का ‘हाई-वोल्टेज’ टॉर्चर:  डबल फेस सप्लाई और ट्रांसफार्मर हुए खराब; दर्जनों घरों के बिजली उपकरण जले – Pathankot News




पठानकोट के अधीन आते लमीनी क्षेत्र के वार्ड नंबर 6 स्थित विश्वकर्मा नगर में पिछले 2 हफ्तों से बिजली विभाग की घोर लापरवाही और लचर बुनियादी ढांचे के कारण हाहाकार मचा हुआ है। बिजली की आंख-मिचौली तो यहां लंबे समय से आम बात थी। अब रात के समय आ रही ‘डबल फेस’ सप्लाई और वोल्टेज के उतार-चढ़ाव ने लोगों के घरों में भारी नुकसान पहुंचाया है। बीती रात हाई वोल्टेज के चलते लोगों के लाखों की कीमत के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एक झटके में जलकर खाक हो गए, जिससे उपभोक्ताओं को भारी आर्थिक नुक्सान झेलना पड़ा। एक झटके में जले फ्रिज, मोटर और इन्वर्टर वार्ड नंबर 6 लमीणी के पीड़ित निवासियों ने अपना दर्द और गुस्सा साझा करते हुए बताया कि क्षेत्र में बिजली का संकट पिछले 10 से 15 दिनों से बहुत ज्यादा गंभीर हो गया है। विभागीय सुस्ती और तकनीकी खामियों ने पूरे वार्ड निवासियों का जीना मुहाल कर दिया है। मोहल्ला निवासी रविपाल ने बताया कि बिजली की खराब स्थिति तो काफी देर से बनी हुई थी, लेकिन इस एक सप्ताह में तो हद ही पार हो गई। बीती रात बिजली का ‘डबल फेस’ आ गया, जिसके कारण घर में लगी पानी की मोटर, फ्रिज और इन्वर्टर एक साथ जल गए। इन तीन बड़ी और कीमती चीजों के फुंक जाने से उसका भारी नुकसान हुआ है। एलईडी और 2 पंखे बुरी तरह जले इसी नगर के एक अन्य पीड़ित ने बताया कि आज सुबह अचानक बिजली की वोल्टेज इतनी ज्यादा (डबल) हो गई कि उनके घर में लगी एक एलईडी और 2 पंखे बुरी तरह जल गए। स्थिति इतनी भयावह थी कि आगे के नुकसान से बचने के लिए उन्हें तुरंत अपने पूरे घर की मेन स्विच ही बंद करनी पड़ी। कम क्षमता का ट्रांसफार्मर बना गले की फांस स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली की यह समस्या वैसे तो पुरानी है, लेकिन हाल ही में विभाग द्वारा की गई एक बड़ी लापरवाही के कारण हालात बेकाबू हो गए हैं: पहले ठीक थी सप्लाई: कुछ समय पहले जब बिजली विभाग द्वारा अधिक किलोवाट क्षमता का नया ट्रांसफार्मर बदला गया था, तब बिजली की आपूर्ति काफी हद तक स्थिर और ठीक रही थी। 200 किलोवाट का ट्रांसफार्मर बना आफत: निवासियों का कहना है कि विभाग ने बाद में किसी कारणवश उस बड़े ट्रांसफार्मर को हटाकर वहां महज 200 किलोवाट की कम क्षमता वाला ट्रांसफार्मर लगा दिया। यह छोटा ट्रांसफार्मर पूरे विश्वकर्मा नगर का लोड झेलने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रहा है, जिससे आए दिन डबल फेस और हाई वोल्टेज की समस्या पैदा हो रही है। “सरकार दे रही फ्री बिजली, लेकिन विभाग की लापरवाही से हो रहा भारी नुकसान” जब स्थानीय उपभोक्ताओं से सरकार द्वारा दी जा रही 300 यूनिट मुफ्त बिजली योजना को लेकर बात की गई, तो उन्होंने साफ तौर पर इसके लिए पावरकॉम के स्थानीय अधिकारियों को आड़े हाथों लिया। निवासियों का कहना है कि सरकार ने अपने स्तर पर जनता को राहत देने के लिए बिजली तो मुफ्त कर दी है, लेकिन बिजली बोर्ड का निकम्मापन इस राहत को आफत में बदल रहा है। जनता की मुख्य मांग: “हमारे आर्थिक नुकसान की भरपाई कौन करेगा?” गुस्साए मोहल्ला निवासियों और पीड़ित रविपाल ने प्रशासन के सामने तीखे सवाल खड़े करते हुए दो टूक मांग की है। पीड़ित परिवारों का कहना है कि बिजली विभाग की तकनीकी गलती की वजह से उनके जल चुके कीमती सामान (मोटर, फ्रिज, इन्वर्टर, एलईडी) की भरपाई या तो बिजली बोर्ड करे या फिर सरकार उन्हें इसका विशेष मुआवजा दे। तुरंत बदला जाए ट्रांसफार्मर: लमीणी के इस हिस्से में बिजली की झूलती तारों और कम क्षमता वाले 2 किलोवाट के ट्रांसफार्मर को तुरंत बदलकर बड़ी क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाया जाए, ताकि आए दिन होने वाले इस नुकसान पर हमेशा के लिए लगाम लग सके। आंदोलन की दी चेतावनी लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि बिजली बोर्ड ने जल्द ही उनके क्षेत्र की वोल्टेज समस्या को स्थायी रूप से दुरुस्त नहीं किया, तो वे विभाग के खिलाफ उग्र प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। वहीं पावरकॉम अधिकारी सतीश ने बताया कि न्यूट्रल की तार टूटकर फेस पर जा गिरी। इसके चलते लोगों के घरों में ओवरलोड के कारण नुकसान हुआ। अब खराबी को ठीक कर दिया गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *