पठानकोट में नरेगा और एपीओ कर्मचारियों का प्रदर्शन: CM मान का पुतला फूंका; 15 जुलाई को मंत्री आवास घेरने की चेतावनी – Pathankot News
पंजाब सरकार के खिलाफ विभिन्न विभागों के अस्थायी कर्मचारियों का रोष लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को पठानकोट में एपीओ और नरेगा मुलाजिम संघ के नेतृत्व में कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पंजाब सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान का पुतला फूंका और नारेबाजी की। प्रदर्शन में मनरेगा यूनियन जिला पठानकोट के जिला प्रधान रिंपल कुमार विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार को सत्ता में आए साढ़े चार वर्ष से अधिक समय हो चुका है, लेकिन चुनावों के दौरान कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने के जो वादे किए गए थे, वे अब तक पूरे नहीं हुए हैं। रिंपल बोले- पहले कैबिनेट बैठक में पक्का करने का आश्वासन दिया था रिंपल कुमार ने आरोप लगाया कि सरकार ने पहली कैबिनेट बैठक में कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने का आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि पिछले 18 वर्षों से मनरेगा के तहत कार्यरत कंप्यूटर असिस्टेंट (सीए), टेक्निकल असिस्टेंट (टीए) और एपीओ श्रेणी के कर्मचारी बिना किसी स्थायी सेवा लाभ के काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों को न तो कोई निर्धारित पे-स्केल दिया गया है और न ही वेतन संबंधी समस्याओं का समाधान किया गया है। कई कर्मचारियों को लगभग एक वर्ष से वेतन नहीं मिला है, जिससे उनके परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। रिंपल कुमार के अनुसार पंजाब में करीब 2100 मनरेगा कर्मचारी परिवार इस समस्या से प्रभावित हैं। यूनियन नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अब तक कर्मचारियों के साथ कोई सीधी बैठक नहीं की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि 15 जुलाई को सहयोगी संगठनों के साथ पंचायत मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंध के आवास के बाहर अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा और उनकी कोठी का घेराव किया जाएगा।
Source link

