पठानकोट में ट्रक ने महिला को कुचला, बेटी-भतीजी गंभीर: एक्टिवा से जा रहीं थीं तीनों, बाइक को ओवरटेक कर बेकाबू ट्रक ने मारी टक्कर – Pathankot News
पठानकोट के थाना नरोट जैमल सिंह के अंतर्गत आते बहादुरपुर मोड़ के पास एक भीषण और दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने आगे जा रही एक्टिवा स्कूटी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कूटी पर पीछे बैठी 47 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कूटी चला रही उसकी बेटी और भतीजी गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुखद घटना 17 जुलाई की शाम को हुई। मृतका प्रोमिला देवी (47) अपनी बेटी शिवानी लूना और भतीजी राधिका के साथ एक्टिवा पर सवार होकर नरोट जैमल सिंह की तरफ जा रही थीं। स्कूटी को शिवानी लूना चला रही थी। इसी दौरान प्रोमिला देवी के देवर बसंत सिंह भी अपनी मोटरसाइकिल पर उनके पीछे-पीछे आ रहे थे। ओवरटेक करने के बाद एक्टिवा को रौंदा शाम करीब 6:50 बजे जब वे बहादुरपुर मोड़ से थोड़ा आगे अश्वनी कुमार के खेतों के पास पहुंचे, तो पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने पहले बसंत सिंह की मोटरसाइकिल को ओवरटेक किया। इसके तुरंत बाद ट्रक चालक ने लापरवाही और गफलत से अपनी गाड़ी सीधे एक्टिवा में पीछे से मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी पर सवार तीनों महिलाएं सड़क पर दूर जा गिरीं। मौके पर ही तोड़ा दम, दो की हालत नाजुक हादसे के दौरान स्कूटी पर पीछे बैठी प्रोमिला देवी सड़क के दाईं ओर गिरीं, जिसके चलते ट्रक का भारी पहिया उनके सिर और बाईं बांह के ऊपर से गुजर गया। इसके कारण उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, स्कूटी चला रही शिवानी लूना और राधिका भी इस हादसे में गंभीर रूप से जख्मी हो गईं, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। आरोपी चालक की पहचान हुई, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ट्रक चालक अपने वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस जांच के दौरान आरोपी चालक की पहचान दीनानगर के रहने वाले अमनदीप सिंह के रूप में हुई है। नरोट जैमल सिंह थाना पुलिस ने मृतका के देवर और चश्मदीद बसंत सिंह के बयानों के आधार पर आरोपी ट्रक चालक अमनदीप सिंह के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link

