पठानकोट के श्री राम मंदिर से भगवान के गहने चोरी: चोरों ने पानी की मोटर और कीमती बर्तन भी चुराए, पुलिस को दी शिकायत – Pathankot News
पठानकोट और आसपास के इलाकों में चोरी की वारदातें बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला पठानकोट-डलहौजी रोड पर स्थित खुशी नगर से सामने आया है। यहां चोरों ने श्री राम मंदिर को निशाना बनाते हुए भगवान श्री राम के गहने मंदिर की संपत्ति और भगवान के बेहद कीमती सामान पर साफ हाथ कर दिया। इस वारदात के बाद से स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी गुस्सा और गहरा रोष देखा जा रहा है।
खुशी नगर के श्री राम मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित कैलाश चंद्र ने वारदात संबंधी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि पिछले कुछ समय से इस पवित्र मंदिर में लगातार चोरियों का सिलसिला जारी है। इस बार शातिर चोरों ने मंदिर परिसर के भीतर घुसकर भगवान के गहने, पानी की मोटर को उखाड़ लिया और उसे चुराकर रफूचक्कर हो गए।
भगवान के जेवर और बर्तन भी ले उड़े चोर
पंडित कैलाश चंद्र ने बताया कि पिछले साल भी चोरों ने इसी मंदिर में एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। उस वक्त चोर भगवान के चरणों में अर्पित तांबे के नाग, तांबे की गड़वियां, कांस्य की कीमती थालियां और पीतल व तांबे के अन्य सभी प्राचीन और कीमती बर्तन बटोर ले गए थे।
पुजारी कैलाश चंद्र और स्थानीय निवासियों ने सीधा आरोप लगाया है कि इस पूरी समस्या की असली जड़ इलाके में पैर पसार चुका नशा है। मंदिर के आस-पास के सुनसान और अंधेरे कोनों में हर समय नशेडियों और स्मैकियों का जमावड़ा लगा रहता है। दिन ढलते ही यहां का माहौल इतना असुरक्षित हो जाता है कि आम श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं और बच्चों का मंदिर आना-जाना दूभर हो चुका है और नशे की लत को पूरा करने के लिए ये नशेड़ी चंद रुपयों की खातिर साल में करीब दो से तीन बार इस पावन मंदिर को अपना शिकार बना चुके हैं।
हजारों रुपये का चूना, आस्था को पहुंची गहरी ठेस
पुजारी के मुताबिक, चोरों ने मंदिर को आर्थिक रूप से भी भारी नुकसान पहुंचाया है। बताया कि पिछले साल करीब 25 हजार रुपए के कीमती तांबे और पीतल के बर्तनों की चोरी हुई थी, जिनकी धार्मिक मान्यता भी बहुत अधिक थी। इस बार मंदिर परिसर से जो पानी की मोटर चोरी हुई है, उसकी अनुमानित कीमत भी करीब 5 हजार रुपये है। उन्होंने कहा कि बार-बार हो रही इन चोरियों के कारण मंदिर प्रबंधन अब अपनी ही सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता में है।
पुलिस को दी लिखित शिकायत, आंदोलन की चेतावनी
इस शर्मनाक घटना के बाद मंदिर प्रबंधन और खुशी नगर के निवासियों ने एकजुट होकर स्थानीय पुलिस प्रशासन को एक लिखित शिकायत दर्ज करवा दी है। पुजारी और स्थानीय समाजसेवियों ने दोटूक शब्दों में पुलिस प्रशासन से मांग की है कि पठानकोट-डलहौजी रोड और विशेषकर खुशी नगर इलाके में पुलिस की नाइट गश्त को तुरंत बढ़ाया जाए। इसके साथ ही मंदिर के इर्द-गिर्द घूमने वाले संदिग्ध नशेडियों को खदेड़कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही चोर सलाखों के पीछे न हुए, तो वे सड़कों पर उतरकर उग्र प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।
Source link

