पंजाब गवर्नर के काफिले में घुसी इनोवा,VIDEO: एंबुलेंस टकराई; एक महिला समेत 2 घायल; लुधियाना में VIP लेन से गुजर रहे थे – Khanna News

पंजाब गवर्नर के काफिले में घुसी इनोवा,VIDEO:  एंबुलेंस टकराई; एक महिला समेत 2 घायल; लुधियाना में VIP लेन से गुजर रहे थे – Khanna News




पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया के VVIP काफिले का सोमवार सुबह एक्सीडेंट हो गया। चंडीगढ़ से लुधियाना आ रहे राज्यपाल का काफिला जब समराला के घुलाल टोल प्लाजा पर पहुंचा तो यहां एक प्राइवेट इनोवा कार अचानक VIP लेन में घुस गई। इस अफरा-तफरी में काफिले के पीछे आ रही सरकारी एंबुलेंस अनियंत्रित होकर इनोवा से जा टकराई। हादसे में एक महिला समेत दो लोग घायल हुए हैं। उन्हें सड़क सुरक्षा फोर्स टीम ने फौरन अस्पताल पहुंचाया। घटना के तुरंत बाद पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच शुरू कर दी। हालांकि, पुलिस ने इस मामले में अब तक कोई बयान जारी नहीं किया है और न ही बात करने को तैयार हैं। हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है। SSP दर्पण आहलूवालिया का कहना है कि यह सिर्फ एक एक्सीडेंट था। सिक्योरिटी ब्रीच का कोई मामला नहीं था। चंडीगढ़ से लुधियाना आ रहे थे गवर्नर गुलाब चंद कटारिया
जानकारी के अनुसार गवर्नर गुलाब चंद कटारिया चंडीगढ़ से लुधियाना आ रहे थे। लुधियाना के गुरु नानक देव भवन में संस्था संकल्प की तरफ से एक कार्यक्रम रखा गया था। जिसमें गवर्नर मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होने आ रहे थे। अचानक सामने आई इनोवा, बेकाबू होकर टकराई एंबुलेंस
सुबह करीब 8 बजे जब राज्यपाल का काफिला समराला के घुलाल टोल प्लाजा की रिजर्व VIP लेन से गुजर रहा था, तभी एक इनोवा कार ने अचानक काफिले के बीच में एंट्री मार दी। इनोवा ड्राइवर ने टोल कटवाने के लिए गाड़ी रोक दी। इस अप्रत्याशित घटना से हड़कंप मच गया। काफिले में शामिल सरकारी एंबुलेंस के ड्राइवर ने हादसे को टालने के लिए तुरंत वाहन रोकने की कोशिश की, लेकिन अचानक ब्रेक लगाने के चलते वह अपना नियंत्रण खो बैठा और एंबुलेंस सीधे इनोवा से जा टकराई। सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस में बैठे इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (ईएमटी) गुरजंट सिंह (निवासी तरनतारन) और इनोवा कार में सवार महिला गुरजीत कौर (निवासी लुधियाना) घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) की टीम तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को समराला के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में राज्यपाल के काफिले में शामिल किसी अन्य VIP वाहन को नुकसान नहीं पहुंचा। गाड़ी ड्राइवर बोला- टोल कर्मी के इशारे पर बढ़ाई गाड़ी
दैनिक भास्कर ने इनोवा गाड़ी चला रहे सुरिंदर सिंह से बात की तो उन्होंने बताया कि वे अपनी माता और पत्नी के साथ आ रहे थे। तभी घुलाल टोल प्लाजा पर काफिला निकल रहा था। उन्हें नहीं पता था कि किसका है। इसी बीच काफिले की गाड़ियां निकलने के बाद एक टोल प्लाजा कर्मी ने उनकी गाड़ी को उसी लेन से जाने का इशारा किया, जिसमें से काफिला निकला। उन्होंने रूटीन में टोल कटवाने के लिए गाड़ी खिड़की पर रोक ली। पीछे से एंबुलेंस ने आकर टक्कर मार दी। सुरिंदर के अनुसार एंबुलेंस काफिले से पीछे थी। पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे
मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने कहा कि यह हादसा महज एक सड़क दुर्घटना नहीं बल्कि VVIP सुरक्षा में एक बहुत बड़ी सेंध है। टोल प्लाजा की VIP लेन को काफिले के गुजरने के लिए पूरी तरह से सुरक्षित रखा जाता है, उसमें एक आम गाड़ी का आ जाना बड़ी चूक है। इसकी जांच होनी चाहिए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *