नई आरसी व्यवस्था से दिक्कतें, पंजाबभर के ऑटो कारोबारियों ने खोला मोर्चा, वीरवार को देंगे ज्ञापन – Ludhiana News
भास्कर न्यूज | लुधियाना आरसी हस्तांतरण की नई व्यवस्था के विरोध में सोमवार को पंजाब के विभिन्न जिलों के वाहन कारोबारी लुधियाना के मॉडल टाउन क्लब में एकत्र हुए। बैठक में केंद्र सरकार की नई व्यवस्था को आम लोगों और वाहन कारोबार से जुड़े लोगों के लिए परेशानी का कारण बताते हुए इसके खिलाफ मोर्चा खोलने का फैसला लिया गया। साथ ही तय किया गया कि वीरवार को पूरे पंजाब में जिला परिवहन अधिकारियों को ज्ञापन देकर नियमों में संशोधन की मांग की जाएगी। बैठक में लुधियाना, अबोहर, मंडी गोबिंदगढ़, बाघापुराना, मोगा सहित कई शहरों के प्रतिनिधि शामिल हुए। कारोबारियों ने कहा कि आरसी हस्तांतरण के दौरान पहचान सत्यापन की अनिवार्य व्यवस्था के कारण वाहन मालिकों, खरीदारों और कारोबारियों को बार-बार दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। तकनीकी दिक्कतों के कारण कई मामलों में काम समय पर नहीं हो पा रहा है, जिससे लोगों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। बैठक में मांग की गई कि पहचान सत्यापन की वर्तमान व्यवस्था को समाप्त कर उसकी जगह मोबाइल पर आने वाले सत्यापन संदेश अथवा अन्य सरल व्यवस्था लागू की जाए। इसके अलावा आरसी में नाम, पता और अन्य त्रुटियों को ठीक करने की प्रक्रिया आसान बनाई जाए। बिना आरसी में संशोधन कराए सुरक्षित पंजीकरण नंबर प्लेट के लिए आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाए। वाहन कारोबारियों ने यह भी मांग की कि उन्हें ग्राहकों के वाहनों से संबंधित चालान, प्रतिबंधित स्थिति, अनापत्ति प्रमाण पत्र तथा अन्य आवश्यक कार्य नियमानुसार करने का अधिकार दिया जाए। आरसी हस्तांतरण, ऋण समाप्ति और ऋण दर्ज करने की प्रक्रिया को भी सरल बनाया जाए और सभी सेवाओं की फीस और रसीद एक साथ जारी करने की व्यवस्था लागू की जाए। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो पूरे पंजाब में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उनका कहना था कि सरल और पारदर्शी व्यवस्था से आम वाहन मालिकों के साथ-साथ वाहन कारोबार से जुड़े हजारों परिवारों को राहत मिलेगी। इस अवसर पर विधायक कुलवंत सिंह सिद्ध को सभी ऑटो मोबाइल एसोसिएशन ने मिलकर ज्ञापन सौंपा वही सिद्धू ने वादा किया कि वो जल्द ट्रांसपोर्ट मंत्री के साथ मीटिंग करा कर केंद्र सरकार से मांग करेंगे। विभिन्न जिलों के वाहन कारोबारी की मॉडल टाउन क्लब में बैठक।
Source link

