दूषित पानी से परेशान लोगों का फूटा गुस्सा, बाल्टियां लेकर किया प्रदर्शन – Ludhiana News
भास्कर न्यूज़ | लुधियाना हलका दक्षिणी स्थित वार्ड नंबर 36 के लोहारा रोड पर न्यू आजाद नगर में दूषित पानी की सप्लाई के विरोध में शनिवार को स्थानीय लोगों ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। गली नंबर 6/3, 4/2, 4/3 और आसपास की गलियों के निवासियों ने बाल्टियों में गंदा पानी भरकर नगर निगम प्रशासन के खिलाफ रोष जताया। निवासियों के अनुसार करीब एक सप्ताह से घरों में बदबूदार और गंदा पानी आ रहा है, जिसे मजबूरी में पीने, खाना बनाने और अन्य घरेलू कार्यों में इस्तेमाल करना पड़ रहा है। लोगों ने आरोप लगाया कि लगातार शिकायतों के बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया गया। स्थानीय निवासी प्रदीप लाला ने बताया कि दूषित पानी के कारण उन्हें संक्रमण हुआ और अस्पताल में इलाज चल रहा है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बच्चों पर भी असर पड़ा है, कई बच्चे बीमार होकर अस्पताल से उपचार के बाद लौटे हैं और कुछ को बिना नहाए स्कूल जाना पड़ रहा है। मौके पर योगेश कुमार जोगी, पवन कुमार यादव, बाबूलाल यादव, रवि गोयल, राजन शुक्ला, सुदेश पांडे, रेनू पांडे, रंजीत, पीतांबर शर्मा, सविता रानी, श्रद्धा देवी, ज्योति, ममता, रेखा देवी, पूनम, सपना सहित अन्य लोग मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि सोमवार या मंगलवार तक समाधान नहीं हुआ तो नगर निगम कार्यालय का घेराव किया जाएगा। पार्षद सतनाम सिंह ढिल्लों ने कहा कि संबंधित अधिकारियों से बात कर समस्या का समाधान कराया जाएगा।
Source link

