दिल्ली आग हादसे में 21 की मौत, 11 विदेशी: होटल मालिक गिरफ्तार, परिवार के साथ फंसे CA ने फोन पर कहा था- शायद नहीं बच पाएंगे
नई दिल्ली18 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
होटल में फंसे कई लोग कपड़े के सहारे नीचे उतरे। कई लोगों ने तीसरी-चौथी मंजिल से बिना सहारे के छलांग लगा दी।
दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे ‘बी एंड बी’ होटल में बुधवार सुबह लगी आग ने 21 लोगों की जान ले ली। इस होटल को 6 कमरों की मंजूरी थी, लेकिन 5 मंजिलों पर 25 से अधिक कमरे बना लिए। होटल के पास फायर NOC नहीं थी और आने-जाने का एक ही रास्ता था।
मृतकों में 11 विदेशी और 10 भारतीय हैं। विदेशियों में 9 अफ्रीकी देशों और 2 तुर्कमेनिस्तान के नागरिक हैं। शवों की पहचान के लिए DNA टेस्ट होगा। पुलिस ने होटल मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है। लवकेश और अन्य पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है। आग लगने की वजह का अब तक पता नहीं चला है।
आग फैली तो लोगों को निकलने का मौका नहीं मिला
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया, आग सुबह 8:30 बजे लगी। कुछ मिनट में धुआं पूरी इमारत में फैल गया। ऊपरी मंजिलों पर ठहरे लोगों को निकलने का मौका नहीं मिला। फायर सर्विस, पुलिस व स्थानीय लोगों ने 58 लोगों को बाहर निकाला।
इनमें 35 घायल हैं। इस दौरान 10 पुलिसकर्मी भी घायल हुए। मैक्स अस्पताल ने बताया, 39 लोगों को लाया गया था, जिसमें 18 की अस्पताल आने से पहले मौत हो चुकी थी। 15 आईसीयू में भर्ती हैं और इनमें 8 वेंटिलेटर पर हैं।

एक विदेशी ने चौथे फ्लोर से छलांग लगा दी। गद्दे पर गिरने से उसकी जान बची।
हादसा होने की 2 बड़ी वजह
- त्रासदी क्यों: खिड़कियां बंद थीं। वेंटिलेशन नहीं था। ऐसी इमारतें ‘चिमनी’ जैसी बन जाती हैं, धुआं-गर्मी कुछ ही सेकंड में ऊपर पहुंच जाती है। जगह काफी सकरी थी।
- इलेक्ट्रिक गेट: प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया, सेंसर आधारित मुख्य गेट बंद हो गया था। इसकी वजह से लोग बाहर ही नहीं निकल पाए।
पिता को देखने आए थे, परिवार के 8 लोग मृत
गुरुग्राम के सेक्टर-46 निवासी सीए विवेक अग्रवाल मैक्स अस्पताल में भर्ती पिता का हालचाल लेने आए थे। परिवार इसी होटल में ठहरा था। हादसे में विवेक, पत्नी तर्जनी, मां प्रेमलता, बेटी जीविषा व वार्या, झावेरी, मामा अशोक गोयल तथा मौसी कमला की मौत हो गई। अजमेर निवासी कारोबारी अशोक पंसारी, उनकी बुआ और फूफा की भी अग्निकांड में मौत हो गई। ये मैक्स में भर्ती रिश्तेदार का हालचाल लेने आए थे और इसी होटल में थे।

CA विवेक और उनकी पत्नी तर्जनी अग्रवाल। फाइल फोटो
नए गद्दे लाकर सड़क बिछाए, कई की जान बचाई
फायर ब्रिगेड पहुंचने से पहले स्थानीय लोग बचाव में जुट गए। होटल के सामने कंबल-गद्दे की दुकान चलाने वाले अरमान ने दुकान से सभी नए गद्दे और रजाइयां निकालकर सड़क पर बिछा दीं। अरमान ने कहा, होटल की ऊपरी मंजिल से कई लोग इन्हीं गद्दों पर गिरे, जिससे उनकी जान बचाने में मदद मिली। स्थानीय युवक अफजल, शाहरुख, अनीस, आमिर और वसीम ने लोगों को निकालने में मदद की। कम से कम 10 लोगों को सीपीआर भी दी।
होटल मालिक ने कहा- मैं नहींस दूसरे लोग संभालते थे काम
गिरफ्तार होटल मालिक लवकेश बजाज ने बताया कि वह खुद होटल की निगरानी नहीं करता था। उसने होटल के मैनेजमेंट, बिलिंग और अकाउंट्स का काम किसी और व्यक्ति को दिया था। उसने यह भी कहा कि होटल में कमरे बड़े करने और अन्य बदलावों की सलाह भी किसी अन्य व्यक्ति ने दी थी।
बजाज ने दावा किया कि सलाह देने वाले व्यक्ति ने उससे कहा था- होटल में ये सारे मॉडिफिकेशन नॉर्मल हैं और दिल्ली में सब चलता है।

दिल्ली पुलिस ने बुधवार रात होटल के सह-मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार किया।
दिल्ली अग्निकांड की 8 तस्वीरें…

होटल में बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे आग लगी। थोड़ी देर में लपटें उठने लगीं।

एक विदेशी नागरिक आग से बचने के लिए छत की बाउंड्री पर पहुंच गया।

फर्स्ट फ्लोर पर मौजूद कुछ लोगों ने छोटी सी खिड़की से निकलकर छलांग लगा दी।

एक व्यक्ति होटल की तीसरे फ्लोर से नीचे कूद गया। इस दौरान वह घायल हो गया।
होटल की एक खिड़की पर धुएं से घिरी विदेशी महिला मदद के लिए चीखती दिखी।

स्थानीय लोगों ने होटल से कई लोगों का रेस्क्यू किया और उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

कई घायलों की हालत गंभीर है। केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने उनसे मुलाकात की।

आग में पूरा होटल जल गया। आसपास की बिल्डिंग्स को भी नुकसान पहुंचा है।

हाई कोर्ट ने जनवरी में मांगा था एक्शन प्लान, अब हादसा
दिल्ली हाई कोर्ट में दायर एक जनहित याचिका में दावा किया गया है कि राजधानी में करीब 1000 लाइसेंसी होटल और गेस्ट हाउस हैं, लेकिन केवल 52 के पास वैध फायर NOC है। इस साल 7 जनवरी को कोर्ट ने दिल्ली सरकार, एमसीडी और एनडीएमसी को फायर सेफ्टी पर कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया था।
याची अधिवक्ता अर्पित भार्गव का कहना था कि बड़ी संख्या में होटल और गेस्ट हाउस जरूरी अग्नि सुरक्षा मानकों के बिना संचालित हो रहे हैं। सुनवाई के करीब 5 महीने बाद अब हादसा हो गया है। अधिकारियों ने बताया, जिस होटल में आग लगी उसका नक्शा नहीं था।

दिल्ली में जनवरी 2021 से आग से 445 मौत
देश की राजधानी दिल्ली में जनवरी 2021 से मई 2026 हादसों में 6,466 लोगों की मौत हुई है, जबकि 14,857 लोग घायल हुए हैं। इनमें आगजनी में 445 लोगों की मौत और 3193 लोग घायल हुए। अन्य घटनाओं में 6021 लोगों की मौत और 11,718 लाेग घायल हुए है।
———————————-
हादसे से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…


