दवा लेने जा रहे दंपती को ट्रक ने रौंदा: संगरूर में पत्नी की मौके पर मौत, ओवरटेक करते समय हुआ हादसा – Sangrur News
संगरूर जिले के भवानीगढ़ शहर में बठिंडा-जीरकपुर नेशनल हाईवे-7 पर रविवार को एक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में दवा लेने जा रहे एक दंपती को पीछे से आ रहे ट्रक-ट्रॉले ने टक्कर मार दी। घटना में 59 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, घायल जगतार सिंह (62), निवासी गांव सेखा (जिला बरनाला) ने अस्पताल में बताया कि वह रविवार सुबह अपनी पत्नी रछपाल कौर (59) को दवा दिलाने के लिए मोटरसाइकिल पर गांव सेखा से समाना जा रहे थे। जब वे भवानीगढ़ के नए बस स्टैंड के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक-ट्रॉले ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शी बोले- ट्रक अन्य वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय ट्रक चालक आगे चल रहे किसी अन्य वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान उसने सड़क के किनारे जा रही मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल पर पीछे बैठी रछपाल कौर सड़क पर गिर गईं और ट्रक की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जगतार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल जगतार सिंह को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा, जबकि घायल का अस्पताल में इलाज जारी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ट्रक चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही से ओवरटेक करना माना जा रहा है। पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है।
Source link

