तरनतारन पुलिस ने 637 ग्राम हेरोइन, हथियार बरामद किए: नशीली दवाओं के खिलाफ अभियान में 4 आरोपी गिरफ्तार, 5 मामले दर्ज – tarn-taran News

तरनतारन पुलिस ने 637 ग्राम हेरोइन, हथियार बरामद किए:  नशीली दवाओं के खिलाफ अभियान में 4 आरोपी गिरफ्तार, 5 मामले दर्ज – tarn-taran News




मादक पदार्थों की तस्करी और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पंजाब सरकार द्वारा छेड़ी गई मुहिम के तहत तरनतारन पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। तरनतारन पुलिस ने विभिन्न क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाते हुए कुल 5 मामले दर्ज किए हैं और 4 शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इन अलग-अलग कार्रवाइयों के दौरान पुलिस और सुरक्षा बलों ने कुल 637 ग्राम हेरोइन, 3 मैगजीन और 31 जिंदा कारतूस बरामद करने में सफलता हासिल की है। यह बड़ी कार्रवाई पंजाब के डीजीपी गौरव यादव के सख्त निर्देशों पर फिरोजपुर रेंज के डीआईजी स्नेहदीप शर्मा और तरनतारन के एसएसपी सुरेंद्र लांबा के कुशल मार्गदर्शन में अंजाम दी गई। नशा तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए एसपी (डी) रिपुतापन सिंह (पीपीएस) के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीमों का गठन किया गया था, जिन्होंने सीमावर्ती और संवेदनशील इलाकों में छापेमारी की। एसपी (डी) रिपुतापन सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि हेरोइन और हथियारों के इस नेटवर्क के तार सीमा पार या किन अन्य बड़े तस्करों से जुड़े हुए हैं। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। थानावार कहा क्या हुई कार्रवाई सराय अमानत खान: पुलिस टीम ने यहाँ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला संख्या 84 दर्ज करके गांधीविंड निवासी राजिंदर सिंह (पुत्र मनोहर सिंह) को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 4 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। काचा पक्का: थाना काचा पक्का में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला संख्या 55 दर्ज किया गया। इस कार्रवाई में पुलिस ने भैनी गुरमुख सिंह के रहने वाले दो आरोपियों—संदीप सिंह उर्फ सबा (पुत्र चरण सिंह) और लवप्रीत सिंह उर्फ लाभा (पुत्र बलविंदर सिंह) को दबोचा। इनके पास से भी 4 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। सरहाली: पुलिस ने यहाँ मुकदमा नंबर 113 (एनडीपीएस एक्ट) के तहत कार्रवाई करते हुए गली दक्खाने वाली, पत्ती खानोकी (सरहाली) निवासी जगरूप सिंह उर्फ गोपा (पुत्र करतार सिंह) को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान गोपा से 6 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। खालरा में बीएसएफ और पुलिस का संयुक्त एक्शन: बरामद हुए हथियार और हेरोइन नशा और हथियार तस्करी के खिलाफ सबसे बड़ी कामयाबी खालरा क्षेत्र में मिली, जहाँ पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने संयुक्त रूप से एक बड़ा तलाशी अभियान चलाया। तारा सिंह गांव में चलाए गए इस ऑपरेशन के दौरान दर्ज मुकदमा संख्या 185 के तहत सुरक्षा बलों ने 623 ग्राम हेरोइन की बड़ी खेप बरामद की। कारतूस और मैगजीन जब्त: इसी कड़ी में वा तारा सिंह गांव से ही शस्त्र अधिनियम (आर्म्स एक्ट) के तहत मामला संख्या 184 दर्ज किया गया। इसके तहत पुलिस और बीएसएफ ने भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया, जिसमें 3 खाली मैगजीन, 9 एमएम के 10 जिंदा कारतूस और 7.62 बोर के 21 जिंदा कारतूस (कुल 31 जिंदा कारतूस) शामिल हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *