जालंधर में मां-बेटी सत्कार फार्म भरने के लिए लगी लाइन: सीएम मान के पहले किस्त जारी करने के बाद लोगों का ताता – Jalandhar News
पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई ‘मां-बेटी सत्कार योजना’ के तहत जालंधर में योग्य महिला लाभार्थियों के बैंक खातों में आर्थिक सहायता राशि ट्रांसफर होनी शुरू हो गई है। इस योजना का लाभ उठाने के लिए जालंधर के विभिन्न केंद्रों पर नए फॉर्म भरने वाली महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ रही है और सुबह से ही लंबी लाइनें देखी जा रही हैं। सरकार द्वारा जनरल कैटेगरी की महिलाओं को ₹3000 और अनुसूचित जाति कैटेगरी की महिलाओं को 4500 रुपए की एकमुश्त राशि (तीन महीने की आर्थिक मदद) सीधे उनके खातों में भेजी जा रही है, जिससे महिलाओं में भारी उत्साह है। जालंधर के सेंट्रल हलका इंचार्ज नितिन कोली के कार्यालय में भी सुबह से ही महिलाओं की भारी भीड़ देखने को मिली। फॉर्म जमा करने और योजना की जानकारी लेने के लिए महिलाओं की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। इस दौरान प्रशासनिक स्टाफ महिलाओं की मदद करने और फॉर्म प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने में जुटा रहा। महिलाओं ने की पंजाब सरकार की नीतियों की तारीफ केंद्र पर पहुंची महिलाओं ने पंजाब सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जमकर सराहना की। महिलाओं का कहना है कि सरकार उनके कल्याण के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने याद दिलाया कि सरकार ने पहले ही पंजाब रोडवेज की बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त सफर की सुविधा दी है और 10 लाख तक के मुफ्त इलाज के लिए हेल्थ इंश्योरेंस कार्ड भी मुहैया कराए हैं।
लाभार्थियों ने बताया कि इस नई स्कीम के तहत जनरल कैटेगरी की महिलाओं को हर महीने 1000 रुपए (तीन महीने के ₹3000) और अनुसूचित जाति कैटेगरी की महिलाओं को हर महीने1500 रुपए (तीन महीने के ₹4500) की दर से वित्तीय सहायता मिलनी शुरू हो गई है। महिलाओं के मुताबिक, इस राशि से उन्हें घर के रोजमर्रा के खर्चों को संभालने में बहुत बड़ी मदद मिलेगी। विपक्ष पर साधा निशाना, वादे पूरे करने का दावा महिलाओं ने सरकार की ‘मेरी रसोई योजना’ जैसी अन्य कल्याणकारी स्कीमों का भी जिक्र किया, जो सीधे तौर पर आम परिवारों को राहत पहुंचा रही हैं। इस मौके पर बातचीत करते हुए सेंट्रल हलका इंचार्ज नितिन कोली ने कहा कि इस योजना को लेकर महिलाओं के भीतर अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है। एकमुश्त राशि सीधे बैंक खातों में आने से महिलाएं अपनी जरूरत के अनुसार खर्च कर पा रही हैं। नितिन कोली ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने चुनाव के दौरान जनता से जो भी वादे किए थे, उन्हें एक-एक करके पूरा किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि सरकार के इस कदम के बाद अब विपक्ष के पास बोलने के लिए कोई मुद्दा नहीं बचा है और जनहित की इन नीतियों का लाभ सीधे तौर पर आम लोगों तक पहुंचता रहेगा।
Source link

