जालंधर में ट्रक ने साइकिल सवार बुजुर्ग को कुचला: सिर से निकला टायर, मौके पर ही मौत; ट्रैफिक पुलिस ने ड्राइवर को पकड़ा – Jalandhar News
जालंधर में सोमवार सुबह करीब 9 बजे डॉ. बीआर अंबेडकर चौक पर ट्रक ड्राइवर ने साइकिल सवार बुजुर्ग को टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए थे, लेकिन एंबुलेंस के पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। लोगों के अनुसार, बुजुर्ग साइकिल से जा रहे थे, तभी वह ट्रक की चपेट में आ गए। मृतक की पहचान बस्ती दानिशमंदा निवासी रतन सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रतन सिंह साइकिल पर नकोदर चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह सड़क पर गिर गए। ट्रक का टायर उनके सिर के ऊपर से गुजर गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना डिवीजन नंबर-4 की पुलिस के हवाले किया ड्राइवर घटना के समय चौक पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रक ड्राइवर को हिरासत में ले लिया। ड्राइवर को थाना डिवीजन नंबर-4 पुलिस के हवाले कर दिया गया है। थाना डिवीजन नंबर-4 के जांच अधिकारी एएसआई हीरा लाल ने बताया कि कंट्रोल रूम से हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके बयान दर्ज करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link

