जगराओं में वाहनचोरों को हौंसले बुलंद, दिनदहाड़े वारदात: 15 मिनट के भीतर दो बड़े अस्पतालों से दो बाइकें चोरी, CCTV में कैद हुए आरोपी – Jagraon News
लुधियाने के जगराओं शहर में चोरी और लूटपाट की लगातार बढ़ती वारदातों ने स्थानीय निवासियों और व्यापारियों की रातों की नींद उड़ा दी है। शुक्रवार दोपहर को कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते हुए चोरों ने महज 15 मिनट के अंतराल में दो अलग-अलग अस्पतालों को निशाना बनाया और दो मोटरसाइकिलें चोरी कर फरार हो गए।
चोरी की ये दोनों लाइव वारदातें अस्पतालों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई हैं। बस स्टैंड चौकी पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। .चोरी की लगातार बढ़ रही वारदातों से लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि पुलिस के लाख दावे के बाद सार्वजनिक स्थानों से वाहनों की चोरी पुलिस के लिए चुनौती बनी है। वारदात 1: अस्पताल के भीतर घुसकर कर्मचारी की बाइक पर साफ किया हाथ पहली घटना कच्चा मलक रोड पर स्थित ‘बंसल हड्डी अस्पताल’ में सामने आई। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, एक शातिर चोर पैदल लुधियाना रोड की तरफ से आया और अस्पताल के बाहर रेकी करने लगा। इसी दौरान जब एक मरीज अपनी कार लेकर अस्पताल के गेट पर पहुंचा, तो मौका पाकर चोर चुपके से अस्पताल परिसर के अंदर दाखिल हो गया। अंदर जाकर उसने पहले एक एक्टिवा का लॉक तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन नाकाम रहने पर उसने वहां खड़ी एक मोटरसाइकिल को निशाना बनाया। चोर ने पलक झपकते ही बाइक का लॉक तोड़ा और अस्पताल का दूसरा गेट खोलकर रफूचक्कर हो गया। चोरी हुई यह बाइक अस्पताल के ही एक कर्मचारी सोनी की थी। वारदात 2: ठीक 15 मिनट बाद SSP दफ्तर के पीछे दूसरे अस्पताल में सेंध पहली चोरी के अभी 15 मिनट ही बीते थे कि चोरों ने दूसरी वारदात को अंजाम दे दिया। यह घटना एसएसपी (SSP) कार्यालय के ठीक पीछे स्थित ‘सुरवीन अस्पताल’ में हुई। अस्पताल के संचालक डॉ. दीवांशु गुप्ता ने बताया कि एक मरीज अपनी बाइक बाहर खड़ी कर अंदर दवाई लेने गया था। जब वह चंद मिनटों बाद बाहर आया, तो उसकी मोटरसाइकिल गायब थी। यहां के सीसीटीवी फुटेज में एक युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर बाइक चुराता और हीरा बाग की तरफ तेजी से फरार होता हुआ दिखाई दे रहा है। दोनों अस्पताल पास-पास हैं और समय का अंतर भी बहुत कम है, जिससे आशंका है कि दोनों वारदातों के पीछे एक ही गिरोह का हाथ है। “पुलिस सिर्फ चालान काटने में व्यस्त”— जनता और विपक्ष का फूटा गुस्सा दिनदहाड़े अस्पतालों जैसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों से हुई इन चोरियों के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी है। लोगों का आरोप है कि पुलिस का पूरा ध्यान सड़कों पर नाके लगाकर आम जनता के चालान काटने पर रहता है, जबकि चोर और अपराधी बेखौफ होकर घूम रहे हैं। अपराधियों के मन से पुलिस का खौफ पूरी तरह खत्म हो चुका है। इस मुद्दे पर राजनीतिक गरमाहट भी बढ़ गई है। भाजपा के जिला प्रधान डॉ. रजिंदर शर्मा ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि शहर में सुरक्षित माहौल बनाने के लिए पुलिस को अपनी गश्त (Patrolling) बढ़ानी होगी और बाइक चोरी के इस नेटवर्क को तोड़ने के लिए एक ठोस रणनीति तैयार करनी होगी, ताकि जनता का पुलिस पर भरोसा बहाल हो सके। फिलहाल, बस स्टैंड चौकी पुलिस सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त करने में जुटी है।
Source link

