छात्रों से राजनीतिक प्रचार कराने का आरोप, डीटीएफ ने सरकार से रोक लगाने की मांग की – Ludhiana News
भास्कर न्यूज| लुधियाना पंजाब के सरकारी स्कूलों में कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्रों को पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी) की ओर से मुफ्त स्कूल बैग वितरित किए जा रहे हैं। बोर्ड के निर्देशों के अनुसार ये बैग जिला गोदामों और क्षेत्रीय डिपो के माध्यम से स्कूलों तक पहुंचाए जा चुके हैं और कई जिलों में वितरण प्रक्रिया शुरू हो गई है।अकेले लुधियाना जिले में करीब 23,000 बैग पहुंच चुके हैं, जिनमें से लगभग 18,000 बैग विभिन्न ब्लॉकों के माध्यम से छात्रों तक पहुंचाने के लिए भेजे जा चुके हैं। हालांकि, इन बैगों पर मुख्यमंत्री की तस्वीर छपे होने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। शिक्षक संगठनों और विपक्षी दलों ने सरकार की इस पहल पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि शिक्षा से जुड़ी योजना को प्रचार का माध्यम बनाया जा रहा है। लुधियाना| डेमोक्रेटिक टीचर्स फ्रंट (डीटीएफ) पंजाब ने आरोप लगाया है कि सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के माध्यम से सरकार का राजनीतिक प्रचार किया जा रहा है। डीटीएफ के प्रदेश प्रधान विकरमदेव सिंह, महासचिव महिंदर कौड़ियां वाली, वित्त सचिव अश्वनी अवस्थी तथा जिला पदाधिकारियों ने कहा कि 11वीं-12वीं के विद्यार्थियों के लिए वितरित किए जा रहे स्कूल बैग और अन्य सामग्री पर मुख्यमंत्री की तस्वीर छापी गई है, जो उचित नहीं है। नेताओं का कहना है कि सरकारी स्कूल किसी भी राजनीतिक दल के प्रचार का माध्यम नहीं बनने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के 1100 से अधिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल प्रिंसिपलों के बिना चल रहे हैं, 100 से अधिक बीपीईओ पद रिक्त हैं और 35 हजार से अधिक शिक्षक एसआईआर कार्यों में लगे होने से पढ़ाई प्रभावित हो रही है। डीटीएफ ने सरकार से राजनीतिक प्रचार बंद करने, शिक्षकों की रिक्तियां भरने की मांग की।
Source link

