गुरदासपुर में पुरानी रंजिश ने ली युवक की जान: तेजधार हथियारों से हमला; परिजनों ने अमेरिका बैठे युवक पर लगाए आरोप – Batala News
गुरदासपुर के पुराना शाला इलाके में पुरानी रंजिश के चलते हुए एक हमले में 26 वर्षीय युवक रोहित सिंह की मौत हो गई। इस घटना में तीन अन्य युवक घायल हुए हैं। परिजनों ने आरोप लगाया है कि यह हमला अमेरिका में बैठे एक युवक के कहने पर करवाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, पुराना शाला निवासी रोहित सिंह अपने दोस्त गुरजंट सिंह और कुछ अन्य साथियों के साथ इलाके में मौजूद था। इसी दौरान कुछ युवकों ने उन पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान रोहित सिंह की मौत हो गई। पिता बोले- हमला विशाल ठाकुर के इशारे पर करवाया गया मृतक की पहचान गांव भुंडेवाल निवासी 26 वर्षीय रोहित सिंह के रूप में हुई है। साहिल, विशाल और एक अन्य युवक इस हमले में घायल हुए हैं। मृतक के पिता बलवान सिंह और भाई रणजीत सिंह ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे पर हुआ हमला अमेरिका में रह रहे विशाल ठाकुर के इशारे पर करवाया गया था। उनका कहना है कि विशाल ठाकुर की गुरजंट सिंह के साथ पुरानी रंजिश चल रही थी, जिसके चलते यह खूनी हमला हुआ। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है।सरकारी अस्पताल में तैनात डॉक्टर साक्षी ने बताया कि रात के समय दो घायल युवकों को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। बाद में एक निजी अस्पताल से रोहित सिंह का शव पोस्टमार्टम के लिए लाया गया। डॉक्टर के अनुसार, घायलों को गंभीर चोटें आई थीं। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Source link

