खन्ना में भारी मात्रा में नशीले पदार्थ नष्ट: 53 मामलों से जुड़े 10 किलो भुक्की, 3 किलो गांजा सहित अन्य ड्रग्स का निस्तारण – Khanna News

खन्ना में भारी मात्रा में नशीले पदार्थ नष्ट:  53 मामलों से जुड़े 10 किलो भुक्की, 3 किलो गांजा सहित अन्य ड्रग्स का निस्तारण – Khanna News




खन्ना पुलिस ने पंजाब सरकार के ‘नशा विरोधी युद्ध’ अभियान को सशक्त करते हुए एक महत्वपूर्ण कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. दर्पण आहलूवालिया के नेतृत्व में, 53 एनडीपीएस (नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस) मामलों से संबंधित जब्त नशीले पदार्थों का कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद निस्तारण किया गया। यह कार्रवाई लुधियाना के फोकल प्वाइंट स्थित पुलिस चौकी ईश्वर नगर के सरकारी इंसीनरेटर में निर्धारित नियमों के तहत की गई। नष्ट किए गए नशीले पदार्थों में 10 किलोग्राम भुक्की, 3 किलोग्राम 300 ग्राम गांजा, 1 किलोग्राम 50 ग्राम हेरोइन और 60 नशीली गोलियां शामिल थीं। इसके अतिरिक्त, 49 खाली कपड़े के थैले भी नष्ट किए गए। यह सभी सामग्री खन्ना पुलिस द्वारा विभिन्न एनडीपीएस मामलों में जब्त की गई थी। एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने बताया कि खन्ना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता नशा तस्करों के नेटवर्क को पूरी तरह से खत्म करना और युवा पीढ़ी को नशे के चंगुल से बचाना है। SSP बोली- केवल तस्करों की गिरफ्तारी ही पर्याप्त नहीं उन्होंने जोर दिया कि केवल तस्करों की गिरफ्तारी ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि जब्त किए गए नशीले पदार्थों का समय पर और कानूनी प्रक्रिया के तहत निस्तारण करना भी पुलिस की एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, ताकि इनके दोबारा दुरुपयोग की कोई संभावना न रहे। डॉ. आहलूवालिया ने आगे कहा कि खन्ना पुलिस पंजाब सरकार की नशा विरोधी नीति को पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और दृढ़ता के साथ लागू कर रही है। जिले में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान जारी है और कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने आम जनता से भी नशा मुक्त समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी को नशा तस्करी से संबंधित कोई भी जानकारी मिलती है, तो वह तुरंत पुलिस को सूचित करे। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि खन्ना पुलिस की यह कार्रवाई एक बार फिर दर्शाती है कि एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया के नेतृत्व में जिले में नशे के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति को पूरी सख्ती से लागू किया जा रहा है। इससे नशा तस्करों में कानून का भय बढ़ रहा है और आम जनता का पुलिस पर विश्वास मजबूत हो रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *