करतारपुर साहिब कॉरिडोर तुरंत खोलने की मांग: SGPC अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखा पत्र, जताई श्रद्धालुओं की भावनाएं – Amritsar News
पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर को दोबारा खोलने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर करतारपुर साहिब का लांघा तुरंत बहाल करने की अपील की है। अपने पत्र में धामी ने कहा कि गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब वह पावन स्थान है, जहां प्रथम पातशाही श्री गुरु नानक देव जी ने मानवता को नाम जपने, किरत करने और वंड छकने का संदेश दिया था। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल से दुनिया भर की सिख संगतों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है और श्रद्धालु हमेशा इसके दर्शन करने की इच्छा रखते हैं। 550वें प्रकाश पर्व पर खुला था कॉरिडोर धामी ने याद दिलाया कि नवंबर 2019 में श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के अवसर पर करतारपुर कॉरिडोर खुलने से करोड़ों सिखों की वर्षों पुरानी अरदास पूरी हुई थी और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारा साहिब के दर्शन किए थे। लेकिन हाल ही में भारत और पाकिस्तान के बीच बने सुरक्षा हालातों के कारण कॉरिडोर बंद होने से विश्वभर के सिख समुदाय में निराशा और पीड़ा है। प्रधानमंत्री से जल्द बहाली की अपील पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि एसजीपीसी पहले भी कई प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार से कॉरिडोर खोलने की मांग कर चुकी है। इस संबंध में पंजाब के राज्यपाल और केंद्रीय गृह मंत्री को भी ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं। एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री से अपील की है कि करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए इस मामले को प्राथमिकता के आधार पर देखा जाए तथा संबंधित मंत्रालयों को आवश्यक कूटनीतिक और प्रशासनिक कदम उठाकर श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर को जल्द से जल्द दोबारा खोलने के निर्देश दिए जाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार सिख समुदाय की इस भावनात्मक अपील पर सकारात्मक और संवेदनशीलता के साथ विचार करेगी।
Source link

