अमृतसर में लूट मामले में 4 बदमाश अरेस्ट: वायरल वीडियो के बाद पुलिस का एक्शन; फरार आरोपी की तलाश में रेड – Amritsar News
अमृतसर पुलिस ने लूटपाट के एक मामले को सुलझाते हुए 4 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक वीडियो के आधार पर की गई। जानकारी के अनुसार, 21 जून की रात करीब 11 बजे पश्चिम बंगाल निवासी निकिल, जो अमृतसर में किराए पर रहकर कारीगरी का काम करता है, अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे 5 युवकों ने उसे एक सुनसान गली में घेर लिया। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसकी जेब में रखी नकदी लूटकर मौके से फरार हो गए। 4 आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग भी शामिल घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद थाना डी-डिवीजन में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने विशेष टीमों का गठन किया और जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों-शिवम, सौरव, संजू कुमार और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी लोहगढ़ और इनर वर्ल्ड सिटी इलाके के रहने वाले हैं। एक आरोपी अब भी फरार एडीसीपी विशालजीत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से दो हजार रुपये बरामद किए गए हैं। वहीं, मामले का एक अन्य आरोपी विक्कीअभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और पुलिस को उम्मीद है कि उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने पहले से योजना बनाकर इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करेगी, ताकि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा सके और फरार आरोपी के बारे में अहम जानकारी जुटाई जा सके।
Source link

