अमरनाथ यात्रा से पहले पठानकोट पुलिस का फ्लैग मार्च: नेशनल हाईवे पर सुरक्षा कड़ी; कई इलाकों में चलाया सर्च ऑपरेशन – Pathankot News
पंजाब पुलिस आगामी श्री अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर पूरी तरह मुस्तैद है। यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और आपराधिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए पुलिस विभाग लगातार सर्च ऑपरेशन और फ्लैग मार्च कर रहा है। इसी क्रम में, डीएसपी आर. के. शर्मा और शाहपुर कंडी के एसएचओ मोहित टाक की अगुवाई में पुलिस बल ने क्षेत्र में एक विशेष फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह सुरक्षा अभियान डीआईजी हरबंस सिंह गिल, एसएसपी पठानकोट और डीजीपी पंजाब के सख्त निर्देशों के अनुसार चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य अपराधियों को चेतावनी देना और आम जनता व तीर्थयात्रियों में सुरक्षा की भावना पैदा करना है। अधिकारियों के अनुसार, श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान नेशनल हाईवे से गुजरने वाली डीलक्स बसों, पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष कदम उठाए गए हैं। सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त के तहत मुख्य मार्गों पर पुलिस नाके बढ़ा दिए गए हैं। संदिग्ध गतिविधियों को रोकने के लिए 24 घंटे पुलिस गश्त की जा रही है। एसएसपी पठानकोट की देखरेख में सुरक्षा के शत-प्रतिशत इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग की अपील पुलिस प्रशासन ने आम जनता से भी इस सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि यदि किसी नागरिक को अपने आसपास कोई अज्ञात या संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस वस्तु या अन्य संदिग्ध गतिविधि नजर आती है, तो वे तुरंत इसकी सूचना पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर दें। फ्लैग मार्च और सर्च ऑपरेशन नियमित रूप से जारी रहेंगे इसके अलावा, शाहपुरकंडी के एसएचओ को भी सीधे सूचित किया जा सकता है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यात्रा की शुरुआत से लेकर इसके समापन तक ये फ्लैग मार्च और सर्च ऑपरेशन नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि कानून व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ बनी रहे।
Source link

