अबोहर में ग्राहक बनकर हजारों के सूट चुराए: बाइक से आये दो बदमाशों ने मांगा सवा मीटर कपड़ा, थान निकलने लगा दुकान तो चोरी कर फरार – Abohar News
फाजिल्का के अबोहर शहर के भीड़भाड़ वाले बस अड्डा क्षेत्र के पीछे स्थित मार्केट में गुरुवार सुबह बाइक सवार दो बदमाशों ने दिनदहाड़े एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश एक कपड़े की दुकान से करीब 10 से 15 हजार रुपये मूल्य के सूट लेकर रफूचक्कर हो गए। इस घटना के बाद से स्थानीय व्यापारियों में कानून व्यवस्था को लेकर गहरा आक्रोश है। मिली जानकारी के अनुसार, गली नंबर 13 स्थित ‘पवन कलेक्शन’ के 65 वर्षीय मालिक इन्द्राज गुरुवार सुबह करीब 9 बजे अपनी दुकान खोलकर बैठे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो युवक उनकी दुकान पर पहुंचे। युवकों ने बुजुर्ग दुकानदार से सवा मीटर कपड़ा दिखाने को कहा। जैसे ही इन्द्राज कपड़े का थान उठाने के लिए दुकान के अंदर मुड़े, मौका पाकर एक युवक ने दुकान के बाहर डिस्प्ले में रखे 15 से 20 सूट उठा लिए। इससे पहले कि दुकानदार कुछ समझ पाते, दोनों युवक बाइक पर बैठकर तेजी से फरार हो गए। दुकानदार के शोर मचाने पर आसपास के व्यापारी तुरंत मौके पर इकट्ठा हो गए, लेकिन तब तक आरोपी आंखों से ओझल हो चुके थे। व्यापारियों ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल इस वारदात के बाद स्थानीय दुकानदारों और व्यापारिक संगठनों में पुलिस प्रशासन के प्रति भारी रोष है। व्यापारियों का कहना है कि दिनदहाड़े और इतने व्यस्त इलाके में ऐसी वारदातें होना यह साबित करता है कि अपराधियों में पुलिस का कोई खौफ नहीं रह गया है। उन्होंने शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर गहरी चिंता जताते हुए पुलिस के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि इलाके में गश्त बढ़ाई जाए और अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस घटना की सूचना मिलते ही सिटी वन थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़ित दुकानदार के बयान दर्ज कर लिए हैं और बाजार व आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोरों की पहचान के लिए सुराग जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link

