- Hindi News
- Local
- Punjab
- Pathankot
- Martyr Constable Shivdayal Cremated With Military Honours
सीमा सुरक्षा बल की 78 बटालियन के कांस्टेबल शिवदयाल वेस्ट बंगाल के गोपालपुर न्यू कूच बिहार बांग्लादेश बॉर्डर पर तैनात थे तथा 6 नवंबर को बॉर्डर पर ड्यूटी के बीच हृदयाघात से वीरगति को प्राप्त हो गए थे।
उनकी पार्थिव देह को गत दिवस एयरलिफ्ट कर अमृतसर लाया गया जहां से बीएसएफ के वाहन से उन्हें नगर के मोहल्ला सैली कुल्लियां स्थित उनके निवास स्थान लाया गया। दीवाली के दिन तिरंगे में लौटे कांस्टेबल शिवदयाल का चक्की पुल के नजदीक बने श्मशानघाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।
इस मौके पर माधोपुर से आई बीएसएफ की 135 बटालियन के टूआईसी (सेकेंड इन कमांड) एएस टिगा के नेतृत्व में पहुंची जवानों की टुकड़ी ने शस्त्र उल्टे कर हवा में गोलियां दागते हुए बिगुल की गौरवशाली धुन के साथ शहीद कांस्टेबल शिवदयाल को सलामी दी। टूआईसी एएस टिगा, शहीद जवान परिवार सुरक्षा परिषद के महासचिव कुंवर रविंद्र सिंह विक्की, शहीद की बटालियन से उसकी पार्थिव देह को लेकर आए इंस्पेक्टर बसंत सिंह, शहीद की माता स्वर्णो देवी, पत्नी रमन, सात वर्षीय बेटी शवन्या व चार वर्षीय दूसरी बेटी शहनाया ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।
शहीद की सात वर्षीय बेटी शवन्या ने अपने नन्हें हाथों से जब अपने पिता की चिता को मुखाग्नि भेंट की तो सारा श्मशान घाट शहीद शिवदयाल अमर रहे के उद्घोष से गूंज उठा। कांस्टेबल शिवदयाल की पत्नी रमन ने नम आंखों से बताया कि 5 नवंबर को रात 11 बजे उनके पति ने बॉर्डर पर गश्त के बीच वीडियो कॉल कर मां व बच्चों से बात कर परिवार का हाल जाना था उन्हें क्या पता था कि उनका यह अंतिम फोन होगा, सुबह 6 बजे आई उनकी शहादत की खबर आई।







