पठानकोट | संविधान के सम्मान और समर्थन में 25 नवंबर को पठानकोट में निकाली जाने वाली संविधान सम्मान समर्थन यात्रा को कामयाब बनाने हेतु बहुजन समाज के संगठनों ने तैयारियां तेज कर दी है। इसी संबंध में माता सावित्री बाई फुले एजुकेशन सोशल वेलफेयर सोसायटी जिला पठानकोट और संयुक्त कमेटी बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर मिशन जिला पठानकोट पंजाब के सदस्यों की बैठक हुई। बैठक में 25 नवंबर को सुबह 10 बजे पुरानी कचहरी डलहौजी रोड से शुरू होने वाली संविधान सम्मान समर्थन यात्रा को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इसी बीच यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में बहुजन समाज के लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु विभिन्न रणनीतियों पर चर्चा की गई। बैठक में सदस्यों ने बताया कि संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, न्याय और अधिकारों की गारंटी देता है। ऐसे में संविधान के प्रति सम्मान और जागरूकता का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने बहुजन समाज के लोगों से यात्रा में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की। इस घटनास्थल पर सरदारी लाल, रामपाल, लवप्रीत कौर, राज कुमार, संतोष कुमारी, आशा रानी, विजय कुमार, वरिंद्रपाल सिंह, मनोहर लाल, शिव दयाल आदि मौजूद थे।