- Hindi News
- Local
- Himachal
- Mandi
- Himachals Abhishek Awasthi Becomes First Indian Mayor In Bendigo, Australia
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के निवासी अभिषेक अवस्थी ने ऑस्ट्रेलिया में देश और राज्य का नाम रोशन किया है। ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया राज्य के ग्रेटर बेंडिगो नगर में डिप्टी मेयर की जिम्मेदारी संभालने के पश्चात अब वह मेयर बन गए हैं। इसके अलावा वह इस नगर के
9 नवंबर को ग्रेटर बेंडिगो स्थित द कैपिटल थिएटर में आयोजित कार्यक्रम में अभिषेक अवस्थी ने मेयर पद की शपथ ली। इसके अलावा उन्होंने आधिकारिक रूप से कार्यभार संभाल लिया। उनका कार्यकाल एक साल का रहेगा।
सर्वसम्मति से चुने गए मेयर
अभिषेक अवस्थी को वर्ष 2026-27 हेतु सर्वसम्मति से मेयर चुना गया है। उन्होंने अपने सहयोगी काउंसलरों का आभार जताया। अपने माता-पिता और रिश्तेदारों को भी इस मुकाम तक पहुंचाने में योगदान हेतु धन्यवाद दिया।
मेयर अभिषेक अवस्थी ने शहरवासियों की उम्मीदों पर खरा उतरने और उनके हित में काम करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने बताया कि वह अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाएंगे। वहीं, एंड्रिया मेटकॉफ को शहर का डिप्टी मेयर चुना गया है।
उच्च शिक्षा हेतु 2008 में गए थे ऑस्ट्रेलिया
मंडी नगर के लोअर समखेतर निवासी 43 वर्षीय अभिषेक अवस्थी का विदेश में कामयाबी का सफर साल 2008 में शुरू हुआ था। उच्च शिक्षा हासिल करने के उद्देश्य से वह ऑस्ट्रेलिया गए थे। वहां उन्होंने ला ट्रॉब यूनिवर्सिटी से बायोटेक्नोलॉजी और इसके पश्चात बायोइनफॉर्मेटिक्स में मास्टर डिग्री हासिल की।
अभिषेक अवस्थी ने पढ़ाई के बीच पार्ट टाइम नौकरी भी की। मेहनत और लगन के दम पर उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में कई अहम जिम्मेदारियां संभाली। वर्ष 2015 में उन्हें ऑस्ट्रेलिया की नागरिकता मिली। वर्तमान में वह अपनी पत्नी अनीमा और बेटी अग्नि के साथ ऑस्ट्रेलिया में रह रहे हैं।
बीबीएमबी से रिटायर्ड हैं पिता
अभिषेक अवस्थी के पिता सुरेंद्र पाल बीबीएमबी से रिटायर्ड हैं, जबकि उनकी माता चंपा शर्मा गृहिणी हैं। मेयर पद के शपथ ग्रहण समारोह में उनके माता-पिता और अन्य रिश्तेदार भी मौजूद रहे। परिवार ने उनकी इस उपलब्धि पर खुशी जताई।
अभिषेक अवस्थी ने नवंबर 2024 में ग्रेटर बेंडिगो नगर के नौ वार्डों में से केनिंगटन वार्ड से पार्षद का चुनाव जीता था। इसके पश्चात वह वर्ष 2024-25 हेतु नगर के पहले भारतीय मूल के डिप्टी मेयर बने। अब दो साल के भीतर मेयर की जिम्मेदारी तक पहुंचना उनके लिए बड़ी उपलब्धि है।
मंडी में खुशी और गर्व का माहौल
अभिषेक अवस्थी की इस सफलता से मंडी सहित पूरे राज्य में प्रसन्नता और गर्व का माहौल है। मंडी के बेटे ने विदेश में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी हासिल कर अपनी मेहनत और प्रतिभा का परिचय दिया है। उनकी उपलब्धि से परिवार, रिश्तेदारों और प्रदेशवासियों में उत्साह है।







