बांग्लादेश में कुछ चीनी व्लॉगर्स ढाका की झुग्गी-बस्तियों में जाकर वीडियो बना रहे थे। इल्जाम है कि वे इन इलाकों को भारत की राजधानी दिल्ली बताकर चीनी सोशल मीडिया पर लाइव दिखाते थे।

भारत ने मंगलवार को इस पर नाराजगी जताई और बताया कि कुछ लोग विदेशी नागरिकों को पैसे देकर ढाका को दिल्ली बताने की कोशिश कर रहे हैं। इस तरह झूठी बातें फैलाने से कोई उन पर विश्वास नहीं करेगा।

भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि,

विज्ञापनIn-Article Banner

हमने इस बारे में मीडिया रिपोर्ट्स देखी हैं। किसी भी राष्ट्र की गलत तस्वीर पेश करने की ऐसी कोशिशें दुर्भाग्यपूर्ण हैं। मैं बांग्लादेश के अधिकारियों से ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की अपील करूंगा।

ढाका में 150 से ज्यादा चीनी नागरिक वीडियो बना रहे थे

मामला बांग्लादेश के अखबार प्रथम आलो की एक पड़ताल रिपोर्ट के पश्चात सामने आया था। अखबार के अनुसार ढाका में 150 से अधिक चीनी नागरिक गरीब बस्तियों के वीडियो बना रहे थे। वे इन वीडियो को चीन के सोशल मीडिया वीचैट जैसे प्लेटफॉर्म वीचैट और डोयिन पर लाइव दिखा रहे थे।

रिपोर्ट के अनुसार ये लोग ढाका के उत्तरा क्षेत्र के सेक्टर-12 और टेकपाड़ा में वीडियो बना रहे थे। यहां कम आमदनी वाले परिवार रहते हैं। क्षेत्र में संकरी गलियां और टिन की छत वाले छोटे-छोटे घर हैं।

1 नवंबर को मियांमियां नाम की एक चीनी महिला ने उत्तरा सेक्टर-12 से लाइव वीडियो बनाया। उसने इस जगह को नई दिल्ली बताया। वीडियो में वह वहां के घरों को गंदा और इलाके को पिछड़ा बता रही थी। उसने यह भी बताया कि टिन की छत वाले घरों में पंखे तक नहीं हैं।

इसी प्रकार वांग वेई नाम के एक चीनी नागरिक ने टेकपाड़ा में चाय की दुकानों का वीडियो बनाया। उसने वहां मिलने वाली चाय को 'गाय के पेशाब वाली चाय' कहा। प्रथम आलो ने इन वीडियो में कही गई बातों का चीनी भाषा से अनुवाद किया।

ढाका के गरीब इलाकों में जाकर वीडियो बनाती चीन की महिला। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।

स्थानीय लोगों ने बिना इजाजत वीडियो बनाने की शिकायत की

रिपोर्ट के अनुसार क्षेत्र के लोगों ने शिकायत की कि कुछ चीनी नागरिक बिना इजाजत उनके घरों में घुस जाते थे। वे घरों, रसोई और दूसरी निजी जगहों के वीडियो बनाने लगते थे। कुछ लोगों ने बाथरूम तक में कैमरा ले जाने की शिकायत की।

लोगों का कहना है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो ये लोग माफी मांगकर चले गए। किंतु कुछ समय पश्चात फिर वीडियो बनाने पहुंच जाते थे।

वीडियो बनाने में मदद करने पर पैसे देते थे चीनी व्लॉगर्स

रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया कि कुछ स्थानीय लोगों को वीडियो बनाने में सहायता करने हेतु रोजाना 700 से 800 बांग्लादेशी टका दिए जाते थे। हालांकि, यह साफ नहीं है कि उन्हें पैसे कौन दे रहा था और वीडियो बनाने के पीछे किसका हाथ था।

उत्तरा वेस्ट पुलिस स्टेशन के अफसरों ने माना कि उन्होंने इलाके में विदेशी नागरिकों को वीडियो बनाते देखा था। पुलिस अफसर मोहम्मद खालिद मंसूर ने बताया कि उन्हें इन वीडियो के पीछे का मकसद पता नहीं है। उन्होंने इस बारे में अपने वरिष्ठ अफसरों को सूचना दी थी।

------------------------------------

यह खबर भी पढ़ें…

बांग्लादेश में बसें फूंकीं, थानों के बाहर बम धमाके: पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की दिसंबर में वापसी की तैयारी से बढ़ा तनाव

बांग्लादेश की राजधानी ढाका में पिछले कुछ दिनों से हिंसा की घटनाएं बढ़ गई हैं। 8 और 9 नवंबर को अनेक जगह धमाके और आगजनी हुई है। पूरी खबर पढ़ें…