Home Bharat पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें: इंस्पेक्टर की शादी रोकने पहुंची युवती; रेलवे...

पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें: इंस्पेक्टर की शादी रोकने पहुंची युवती; रेलवे ट्रैक में ब्लास्ट करते मरने वाला कौन; लेडी प्रिंसिपल ने अश्लील चैटिंग दिखाई – Punjab News

2
0
पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें:  इंस्पेक्टर की शादी रोकने पहुंची युवती; रेलवे ट्रैक में ब्लास्ट करते मरने वाला कौन; लेडी प्रिंसिपल ने अश्लील चैटिंग दिखाई – Punjab News


.

पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर पटियाला में रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट से जुड़ी रही। जिसमें विस्फोटक फिट कर रहे आरोपी के भी चिथड़े उड़ गए। पटियाला पुलिस ने इस मामले में 4 आतंकियों को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि ये चारों मलेशिया में बैठे खालिस्तानी संगठनों और पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के टच में थे।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें।

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. पटियाला: रेलवे ट्रैक पर मालगाड़ी गुजरते वक्त ब्लास्ट हुआ, विस्फोटक लगाने वाला भी मरा

पंजाब में पटियाला के राजपुरा में अंबाला-अमृतसर रेल फ्रेट कॉरिडोर में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI और खालिस्तानी आतंकियों ने कराया था। यह दावा पटियाला पुलिस ने 4 आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद किया। पटियाला रेंज के DIG कुलदीप चहल ने बताया कि धमाके के बाद कार्रवाई करते हुए प्रदीप सिंह खालसा, कुलविंदर सिंह बंगा, सतनाम सिंह सत्ता और गुरप्रीत सिंह गोपी को गिरफ्तार किया है। इनसे एक बम, 2 पिस्टल, जिंदा कारतूस और IED बरामद हुआ।

DIG ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में पता चला कि ये माड्यूल सीधे ISI और मलेशिया में बैठे खालिस्तानी कट्‌टरपंथी संगठनों के टच में थे। इनका मकसद पंजाब में आतंकी वारदात कर शांति भंग कर दहशत पैदा करनी थी। रेलवे का कामकाज डिस्टर्ब करने के मकसद से उन्होंने रेल ट्रैक पर हमला किया। उन्होंने बताया कि यह पूरा मॉड्यूल पाकिस्तान से चल रहा था। इसी बीच खालिस्तान टाइगर फोर्स (KTF) ने धमाके की जिम्मेदारी ली है।

एक सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया गया कि ब्लास्ट की जिम्मेदारी खालिस्तान टाइगर फोर्स का जसविंदर सिंह मुल्तानी (जर्मनी) लेता है। 27 अप्रैल की रात करीब साढ़े 8 बजे यह ब्लास्ट चलती मालगाड़ी के नीचे किया गया था। उसके ड्राइवर को झटका लगा तो उसने तुरंत आगे अफसरों को सूचना दी। रेलवे की स्पेशल DGP शशि प्रभा द्विवेदी ने कहा कि ऐसा संभव है कि जिस वक्त ब्लास्ट हुआ, बम फिट करने वाला भी किनारे खड़ा था और धमाके की चपेट में आ गया। जिससे उसके शरीर के भी चिथड़े उड़ गए। (पढ़ें पूरी खबर)

2. AAP ने जालंधर में विधायकों की मीटिंग टाली

राघव चड्‌ढा समेत 7 सांसदों के पार्टी छोड़ने के बाद टूट रोकने में जुटी आम आदमी पार्टी (AAP) ने पंजाब में बुलाई विधायकों की मीटिंग टाल दी है। मीडिया में सुर्खियां बनने के बाद AAP के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने मीटिंग को लेकर सफाई दी है।

सिसोदिया ने सोशल मीडिया (X) पर लिखा- पंजाब में कल पार्टी के 1000 ब्लॉक ऑब्जर्वर्स की बैठक बुलाई गई है। इसे गलत तरीके से ‘विधायकों की आपात बैठक’ बताया जा रहा हैं। यह एक नियमित संगठनात्मक बैठक है, जो पार्टी की रूटीन संगठनात्मक प्रक्रिया का हिस्सा है, जिसमें हर ब्लॉक के संगठन की स्थिति, जमीनी फीडबैक और आगे की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा होती है।

राघव चड्‌ढा के BJP जॉइन करते वक्त उनके करीबियों ने दावा किया था कि पंजाब के मौजूदा 94 AAP विधायकों में से 60+ विधायक राघव चड्‌ढा के संपर्क में हैं। इससे पंजाब में AAP की सरकार को संकट हो सकता है। वहीं राज्यसभा सांसद डॉ. संदीप पाठक के करीबियों का दावा है कि पाठक के पास पंजाब के हर AAP विधायक का प्रोफाइल ही नहीं बल्कि उनके हर तरह के कामों की जानकारी है। AAP की तरफ से जो विधानसभा क्षेत्रवाइज टीम लगाई गई है, उनकी नियुक्ति भी संदीप पाठक ने ही की है। ऐसे में पाठक AAP को झटका दे सकते हैं।(पढ़ें पूरी खबर)

3. बारिश से मौसम बदला, गर्मी-बिजली कटों से राहत

पंजाब-चंडीगढ़ में मंगलवार को मौसम बदल गया। लुधियाना, अमृतसर, मोहाली और जालंधर में बारिश हुई। चंडीगढ़ में भी बूंदाबांदी हुई। इससे लोगों को पिछले करीब एक हफ्ते से पड़ रही भीषण गर्मी और बिजली कटों से थोड़ी राहत मिली। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 दिन फिर पंजाब में बारिश हो सकती है। चंडीगढ़ में भी आंधी-बिजली का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक आसमान के ऊपरी हिस्से में पश्चिम से आने वाली ठंडी हवाओं का सिस्टम एक्टिव है, जो उत्तर भारत (खासतौर पर पंजाब-हरियाणा, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर) के ऊपर से गुजर रहा है। इस वजह से आंधी, बारिश व बिजली गिरने की संभावना बढ़ गई है।

राज्य के 7 जिलों, लुधियाना, पटियाला, बठिंडा, फरीदकोट, गुरदासपुर, रोपड़, फाजिल्का और चंडीगढ़ में तापमान 40 डिग्री पार चल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक 30 अप्रैल से 3 मई के बीच कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। जबकि, 29 अप्रैल को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। अगले 24 घंटों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है (पढ़ें पूरी खबर)

4. गुरदासपुर: युवकों की सिर में गोली मारकर हत्या

गुरदासपुर के बटाला में बाइक पर आए हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से भाग गए। मरने वालों में कश्मीर सिंह (31) और जुगराज सिंह (18) शामिल हैं, जो श्री हरगोबिंदपुर के गांव भोमा के रहने वाले थे। इनमें जुगराज सिंह कबड्डी प्लेयर था।

वहीं, कश्मीर सिंह पूर्व सरपंच वस्सा सिंह का बेटा था और जमींदारी करता था। इन दोनों के सिर में गोलियां मारी गईं। वहीं, तीसरा घायल व्यक्ति का नाम भी जुगराज सिंह (30) है। वह भी इसी गांव का रहने वाला है। वह जमींदारी करता है। उसके सीने में गोली लगी है। उसका उपचार चल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस दौरान 2 दर्जन से अधिक गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी।

उन्होंने मौके पर जाकर देखा तो तीनों लोग खून से लथपथ जमीन पर पड़े थे। इसके बाद इस मामले की सूचना पुलिस को दी गई। घायल जुगराज के चाचा अंग्रेज सिंह ने कहा कि बीती रात करीब 8 से 8:30 बजे के बीच जब तीनों दोस्त सैर कर रहे थे, तभी अचानक हमला हुआ। हमलावर 10 मिनट में वारदात कर फरार हो गए। (पढ़ें पूरी खबर)

5. मोहाली: CRPF इंस्पेक्टर की शादी रुकवाने पहुंची गर्लफ्रेंड

मोहाली की युवती ने आरोप लगाया कि भिवानी के रहने वाले CRPF इंस्पेक्टर ने शादी का झांसा देकर उसके साथ रेप किया। इसके बाद इंस्पेक्टर अब किसी और लड़की के साथ शादी करने जा रहा है, जिसे रुकवाने के लिए वह पंजाब से भिवानी के तोशाम थाने पहुंची है। उसने बताया कि उसका फरवरी 2025 में तलाक हो चुका है। वह काफी समय पहले फतेहाबाद में रहती थी।

साल 2022 में सीआरपीएफ इंस्पेक्टर की उसके फेसबुक अकाउंट पर फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी। बातचीत शुरू होने पर इंस्पेक्टर ने उसका मोबाइल नंबर ले लिया और वॉट्सएप चैट होने लगी। इंस्पेक्टर ने उसे फोन किया और कहा कि वह उसे दिल से प्यार करता है और शादी करना चाहता है। यह भी कहा कि अगर वह उससे नहीं मिली तो वह आत्महत्या कर लेगा। युवती का कहना है कि इन्हीं बातों में आकर वह उससे टोललों और अन्य जगहों पर मिलने लगी।

युवती ने कहा कि इंस्पेक्टर बार-बार होटलों में बुलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। न मिलने पर परिवार को जान से मारने और उसकी आपत्तिजनक फोटो व वीडियो वायरल करने की धमकी देता था। इंस्पेक्टर के झांसे में आकर ही उसने अपने पति से फरवरी 2025 में तलाक लिया था। युवती का कहना है कि अब वह 29 अप्रैल को किसी दूसरी लड़की से शादी कर रहा है, जिसे रोकना जरूरी है (पढ़ें पूरी खबर)

6. अबोहर: युवती ने साथियों से मिलकर लिवइन पार्टनर को पीटकर किडनैप किया

अबोहर में युवती ने साथियों के साथ मिलकर लिव इन पार्टनर को किडनैप कर लिया। फिर उसके साथ जमकर मारपीट की। युवक के जीजा सुरेश कुमार ने बताया कि सुरेंद्र का अपनी पत्नी से तलाक का केस चल रहा है। इस दौरान उसके डबवाली की एक महिला के साथ लिवइन रिलेशन बन गए। दोनों साथ रहने लगे।

इसी दौरान सुरेंद्र अबोहर आया था। जहां उसने जीजा को मिलने के लिए बुलाया। इसका पता चला तो लिवइन पार्टनर महिला अपने साथियों को लेकर वहां पहुंच गई। उन्होंने सुरेंद्र के साथ जमकर मारपीट की। फिर उसे एक कार में डालकर ले गए। जीजा ने विरोध किया तो उसके साथ भी मारपीट की गई।

इसके बाद जीजा ने तुरंत पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत डबवाली की सोनिका उर्फ मोनिका और पायल समेत 5 लोगों पर FIR दर्ज कर 2 महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।(पढ़ें पूरी खबर)

7. लुधियाना: लेडी प्रिंसिपल को हॉट-सेक्सी मैसेज, मेयर पति ने फिगर फोटो मांगी

लुधियाना की मेयर इंद्रजीत कौर के पति रवि आनंद लक्की पर अश्लील मैसेज भेजने के आरोप लगाने वाली प्रिंसिपल खुलकर सामने आई है। प्रिंसिपल ने कहा कि मेयर का पति मैसेज में उसे हॉट-सेक्सी लिखता था। उसकी फिगर फोटो मांगता था। लॉन्ग ड्राइव पर मनाली चलने का ऑफर देता था। प्राइवेट पार्ट को लेकर कई तरह की बातें कहता था।

प्रिंसिपल ने कहा कि पति की मौत के बाद मेयर के पति ने हमदर्दी के बहाने चैटिंग शुरू की। उन्होंने इग्नोर किए और डिमांड नहीं मानी तो उन्हें निगम अफसर भेजकर तंग किया गया। उन्होंने CM भगवंत मान, पंजाब AAP इंचार्ज मनीष सिसोदिया, वुमन कमीशन तक को शिकायत दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस दौरान लेडी प्रिंसिपल ने मेयर के पति के साथ कथित चैटिंग भी दिखाईं।

जिनमें बहुत तरह की अश्लील बातें और डिमांड की गई थीं। प्रिंसिपल ने दावा किया कि जब उसने फिगर फोटो नहीं भेजी तो मेयर के पति ने उसके घर निगम के अफसर भेजकर परेशान करना शुरू कर दिया। वह इतना शातिर था कि मैसेज भेजकर तुरंत डिलीट कर देता था। वहीं मेयर इंद्रजीत कौर का कहना है कि महिला को पुलिस कंप्लेंट करनी चाहिए, वहीं से इसकी जांच होगी। प्रिंसिपल ने भास्कर से बातचीत में पूरी कहानी बयान की (पढ़ें पूरी खबर)

8. तरनतारन: रेलवे ट्रैक ब्लास्ट में मरने वाला जूपा कौन: दुबई रिटर्न, 2 बेटियां

पटियाला के राजपुरा में अंबाला-अमृतसर रेल फ्रेट कॉरिडोर पर हुए ब्लास्ट में तरनतारन जिले के गांव पंजवड़ के रहने वाले जगरूप सिंह उर्फ जूपा का नाम सामने आया है। पुलिस के अनुसार, जगरूप सिंह ही ट्रैक पर विस्फोटक लगाने पहुंचा था, जिसके फटते ही जगरूप के भी चिथड़े उड़ गए। जगरूप के शव के टुकड़े करीब 100 मीटर की दायरे में बिखरे मिले।

उसके गांव के लोगों ने बताया है कि जगरूप निहंग बाणे में रहता था। वह शादीशुदा था और उसके 2 बेटियां हैं। वह मलेशिया जा चुका था। वहीं कुछ साल पहले दुबई से लौटा था। वह असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद खालिस्तान समर्थक सांसद अमृतपाल का चुनाव प्रचार भी कर चुका था। तरनतारन उपचुनाव के दौरान भी उसके खिलाफ पोस्टर फाड़ने की एक शिकायत हुई थी। इसके अलावा उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।

जगरूप जिस गांव पंजवड़ का रहने वाला था, इसी गांव से संबंधित कई लोग आतंकी गतिविधियों में शामिल रहे हैं। खालिस्तान कमांडो फोर्स (KCF) का चीफ परमजीत सिंह पंजवड़ भी इसी गांव का रहने वाला था। इस पूरे गांव का भी बड़ा आतंकी इतिहास रहा है। पुलिस सब कुछ खंगाल रही है (पढ़ें पूरी खबर)

विदेश से..

9. अमेरिका में पंजाबी स्टोर मालिक वर्कर समेत जिंदा जला

अमेरिका के टेक्सास में पंजाबी व्यक्ति के फूड स्टोर में आग लग गई। जिससे वह जिंदा जल गया। उसके साथ स्टोर में काम करने वाले हरियाणा के युवक की भी झुलसकर मौत हो गई। स्टोर मालिक मोहाली के रहने वाले विक्रांत थे जबकि वहां काम करने वाला युवक सुखविंद्र सिंह करनाल का रहने वाला है। वह परिवार का इकलौता बेटा था। जिस वक्त आग लगी, उस समय युवक और मालिक स्टोर के अंदर ही सो रहे थे।

टेक्सास पुलिस के मुताबिक, आग इतनी तेजी से लगी कि दोनों को स्टोर से बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला। जब तक आग बुझाई जाती, दोनों की मौत हो चुकी थी और पूरा स्टोर भी जल गया था। हालांकि, आग कैसे लगी, इसका अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। स्टोर में एक और युवक भी काम करता था, लेकिन घटना वाले दिन वह बाहर गया हुआ था।

जब उसे आग लगने के बाद इस घटना की जानकारी मिली तो वह तुरंत वापस लौटा और उसने ही मृतकों के परिवार को जानकारी दी। भारतीय समय के अनुसार 26 अप्रैल की सुबह यह हादसा हुआ। स्टोर मालिक विक्रांत और सुखविंद्र काम निपटाने के बाद स्टोर में सोए हुए थे। करनाल का रहने वाला सुखविंद्र मां-बाप का इकलौता बेटा था। परिवार ने 50 लाख रुपए खर्च कर उसे डंकी रूट से अमेरिका भेजा था (पढ़ें पूरी खबर)

खबर हटके

10. अमृतसर: कैदियों को ले जा रही वैन हुई खराब, पुलिसवाले मारते रहे धक्का

अमृतसर से एक चौंकाने वाला नजारा देखने को मिला। यहां कैदियों को पेशी के लिए कोर्ट ले जा रही जेल वैन (PB02-DY3025) अचानक बीच रास्ते में खराब हो गई। वैन में कैदी भरे हुए थे। इससे उनके साथ जा रहे पुलिसवाले परेशान हो गए। उन्होंने वैन को सड़क से हटाने और आगे बढ़ाने की कोशिश की। जिसके लिए वह वैन को धक्का मारते हुए नजर आए।

इसी दौरान किसी राहगीर ने इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। इस वीडियो में दिख रहा है कि कैदियों से भरी वैन को 4 पुलिस मुलाजिम धक्का मार रहे हैं। जिनमें 3 वर्दी और एक बिना वर्दी के है। जहां वैन खराब हुई, वह शहर का भीड़भाड़ वाला इलाका था। वीडियो को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि गंभीर अपराध वाले कैदियों की मूवमेंट के लिए इस तरह की कंडम गाड़ियां भेजी जा रही हैं। अगर वहां कोई बड़ी घटना हो जाती तो कौन जिम्मेदार होता। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

    Previous articleUkraine says it shot down 33,000 Russian drones in March, monthly record
    Next articleFourth S-400 In May: Is India Stitching Together The World’s Most Impenetrable Air Defence Shield?

    Leave a Reply