पंजाबियों पर टिप्पणी को लेकर भड़की कांग्रेस: फाजिल्का में कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा अध्यक्ष व जितेंद्र मल्होत्रा का पुतला फूंका – Fazilka News
चंडीगढ़ भाजपा (BJP) इकाई के अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा द्वारा पंजाबियों के संबंध में की गई कथित विवादित टिप्पणी को लेकर पंजाब में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस टिप्पणी के विरोध में आज जिला कांग्रेस कमेटी फाजिल्का के बैनर तले समस्त कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता एक मंच पर एकत्र हुए और फाजिल्का के ऐतिहासिक चौक घंटाघर पर सरकार और भाजपा के खिलाफ जोरदार रोष प्रदर्शन किया। पार्टी के फाजिल्का से जिला प्रधान हरप्रीत सिंह सिद्धू की अध्यक्षता में एकजुट हुए कांग्रेसियों ने चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा और पंजाब भाजपा का पुतला फूंक कर अपना तीखा रोष दर्ज कराया। “पंजाबियों के मान-सम्मान को ठेस पहुंचाना बर्दाश्त नहीं”: बंटी वाट्स प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जलालाबाद के अध्यक्ष बंटी वाट्स ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि पूरा फाजिल्का कांग्रेस परिवार आज एकजुट होकर विरोध दर्ज करा रहा है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा द्वारा जिस तरह की शब्दावली का इस्तेमाल कर पंजाबियों के संबंध में टिप्पणी की गई है, उसने हर पंजाबी की भावनाओं और सम्मान को गहरी ठेस पहुंचाई है। देश की तरक्की, सीमाओं की रक्षा और विकास में पंजाबियों ने हमेशा अपने सिर-धड़ की बाजी लगाई है और वे हर क्षेत्र में आगे रहे हैं।” वाट्स ने आगे कहा कि देश की सत्ता पर काबिज पार्टी के किसी बड़े पदाधिकारी द्वारा यदि पंजाबियों या किसी भी समुदाय के खिलाफ गलत शब्दावली का इस्तेमाल किया जाता है, तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने जिला व पुलिस प्रशासन से इस मामले पर संज्ञान लेते हुए आरोपी भाजपा नेता के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। मांग पूरी न होने पर संघर्ष को और तेज करने की चेतावनी जिला अध्यक्ष हरप्रीत सिंह सिद्धू और स्थानीय कांग्रेस लीडरशिप ने भाजपा और प्रशासन को दो टूक चेतावनी जारी की है कि कांग्रेस नेताओं ने साफ किया कि आज का पुतला फूंक प्रदर्शन सिर्फ एक शुरुआत है। जब तक जितेंद्र पाल मल्होत्रा के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक जिला स्तर पर यह रोष प्रदर्शन और संघर्ष लगातार जारी रहेगा। चौक घंटाघर पर हुए इस बड़े प्रदर्शन के दौरान जिला प्रधान हरप्रीत सिंह सिद्धू के साथ ब्लॉक अध्यक्ष सुरेंद्रपाल सिंह, समरबीर सिंह सिद्धू सहित कांग्रेस पार्टी के भारी संख्या में स्थानीय पदाधिकारी, युवा विंग के सदस्य और वरिष्ठ लीडरशिप मौजूद रही।
Source link

