फरीदकोट में कांग्रेस का प्रदर्शन: भाजपा नेता मल्होत्रा का पुतला फूंका; पंजाबियों पर टिप्पणी को लेकर सार्वजनिक माफी की मांग – Faridkot News
फरीदकोट के घंटा घर चौक में शुक्रवार शाम जिला कांग्रेस कमेटी ने चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा द्वारा पंजाबियों के संदर्भ में की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेता मल्होत्रा का पुतला फूंका और उनके खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही उन्होंने पंजाबी भाईचारे से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग रखी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवदीप सिंह बब्बू बराड़ के नेतृत्व में एकत्रित हुए कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि जतिंदर पाल मल्होत्रा की टिप्पणी पंजाबियों का अपमान है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता सत्ता के नशे में चूर होकर समाज के विभिन्न वर्गों का सम्मान करना भूल चुके हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता जतिंदर पाल मल्होत्रा ने पंजाबी भाईचारे के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी कर अपनी पार्टी की मानसिकता को उजागर किया है। उन्होंने पंजाब भाजपा अध्यक्ष से भी इस मामले में अपना रुख स्पष्ट करने और पंजाबियों के समक्ष अपनी प्रतिक्रिया रखने की अपील की है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि मल्होत्रा ने पंजाबी भाईचारे से माफी नहीं मांगी तो उनके खिलाफ संघर्ष को और तेज किया जाएगा। सत्ता के नशे में पंजाब और पंजाबी समाज के योगदान को भूल गए-बराड़ इस अवसर पर जिला अध्यक्ष नवदीप सिंह बब्बू बराड़ ने कहा कि भाजपा नेता सत्ता के नशे में पंजाबय और पंजाबी समाज के योगदान को भूल गए हैं। उन्होंने कहा कि देश की आजादी में पंजाबियों की कुर्बानियां अतुलनीय रही हैं। पंजाब का किसान देश का अन्नदाता है, जो पूरे देश का पेट भरता है, जबकि सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोग देश की सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाबियों का सम्मान करने की बजाय भाजपा नेता उनका अपमान कर रहे हैं, जिसे कांग्रेस पार्टी कभी स्वीकार नहीं करेगी।
Source link

