मानसा के वार्ड 7 और 8 में सीवरेज भरी गलियां: लोगों का निकलना मुश्किल, बदबू से घरों में रहना मुहाल, बीमारियां फैलने का खतरा – Mansa News

मानसा के वार्ड 7 और 8 में सीवरेज भरी गलियां:  लोगों का निकलना मुश्किल, बदबू से घरों में रहना मुहाल, बीमारियां फैलने का खतरा – Mansa News




मानसा शहर के वार्ड नंबर 7 और 8 के निवासी पिछले लंबे समय से सीवरेज के गंदे पानी की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। गलियों में जमा दूषित और बदबूदार पानी के कारण स्थानीय लोगों का जीना मुहाल हो गया है। प्रशासन की अनदेखी से नाराज होकर इस बार वार्ड वासियों ने चुनाव में पुराने प्रतिनिधियों को नकारते हुए नए चेहरे को चुना है, ताकि इस गंभीर समस्या से हमेशा के लिए निजात मिल सके। दीवारों का सहारा लेकर निकलने को मजबूर राहगीर, बीमारियों का बढ़ा खतरा स्थानीय निवासियों मलकीत कौर, सुखदेव कौर, करनैल सिंह और बाबू राम ने अपना रोष प्रकट करते हुए बताया कि वार्ड नंबर 7 और 8 की साझा गली में यह समस्या कई वर्षों से ज्यों की त्यों बनी हुई है। पूरी गली में सीवरेज का गंदा पानी जमा रहने के कारण चारों तरफ भयंकर दुर्गंध फैल रही है, जिससे इलाके में महामारी और घातक बीमारियां फैलने का खतरा लगातार बढ़ रहा है। हालत यह है कि लोगों को इस गंदे पानी से बचने के लिए घरों की दीवारों का सहारा लेकर निकलना पड़ता है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को हो रही है, जिन्हें रोजाना मजबूरी में इसी दूषित पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। नेताओं की बेरुखी से नाराज लोगों ने चुनाव में सिखाया सबक वार्ड वासियों ने आरोप लगाया कि उन्होंने इस समस्या के समाधान के लिए प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर पूर्व पार्षदों और सरकारी प्रतिनिधियों तक कई बार गुहार लगाई, लेकिन आज तक किसी ने सुध नहीं ली। नेताओं और नगर परिषद की इसी बेरुखी से तंग आकर इस बार के पार्षद चुनाव में लोगों ने पुराने प्रतिनिधियों को पूरी तरह से नकार दिया। निवासियों का कहना है कि उन्होंने बदलाव के लिए इस बार नए पार्षद को चुना है ताकि उनकी बुनियादी समस्या का हल हो सके। पहली बैठक में सबसे पहले रखा जाएगा यह मुद्दा: पार्षद हरपाल पाली वार्ड वासियों की इस पुरानी और जायज समस्या को लेकर पार्षद हरपाल सिंह पाली ने लोगों को त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जैसे ही नगर परिषद के अध्यक्ष (प्रधान) का चुनाव संपन्न होता है और समिति की पहली आधिकारिक बैठक आयोजित की जाएगी, वह इस साझा गली की समस्या को सबसे पहले एजेंडे में शामिल करवाएंगे। उन्होंने जल्द ही इस गली का नए सिरे से निर्माण करवाकर लोगों को इस नारकीय जीवन से स्थायी राहत दिलाने का दावा किया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *