मोगा में बेटी ने मां पर लगाया हमला-लूट का आरोप: बोली- सिखी बाने में महिलाओं संग हथियार लेकर पहुंची, मारपीट कर चेन-आईफोन छीना – Moga News
मोगा जिले के एक गांव में मां-बेटी के बीच चल रहे आपसी विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब एक मां ने अन्य महिलाओं के साथ मिलकर अपनी ही बेटी के घर पर धावा बोल दिया। पीड़िता का आरोप है कि हमलावरों ने उसके साथ मारपीट की और उसका मोबाइल फोन तथा सोने की चे
.
यह मामला गांव भाऊआं दे कोट सलीणा का है। यहां मां बेटी के बीच एक कार के मालिकाना हक को लेकर विवाद चल रहा है। पुलिस का कहना है कि इसी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मां सहित 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
आरोपों के अनुसार : हथियार लेकर पहुंची थीं महिलाएं, सिखी बाने में थीं
पुलिस को दिए बयान में पीड़िता बलविंदरजीत कौर ने बताया कि 16 जून की तड़के उसकी मां सुखविंदर कौर (निवासी फरीदकोट) दो गाड़ियों में सवार होकर 10-11 अन्य महिलाओं के साथ उसके घर पहुंचीं। वह साथी महिलाओं के साथ हमला कर दिया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, घर पर आई सभी महिलाएं निहंग सिंहों के सिखी बाने (पारंपरिक पोशाक) में थीं और उनके पास कृपाण तथा कापे जैसे तेजधार हथियार भी थे। उन्होंने आते ही बलविंदरजीत कौर के साथ झगड़ा और गाली-गलौज शुरू कर दी, जो देखते ही देखते घर के मुख्य दरवाजे पर हाथापाई में बदल गया।
आईफोन और सोने की चेन छीनने का आरोप
बलविंदरजीत कौर ने पुलिस को बताया कि इस हिंसक झड़प के दौरान हमलावर महिलाओं में से एक ने उसका कीमती आईफोन (iPhone) छीन लिया। वहीं, उसकी अपनी मां सुखविंदर कौर ने उसके गले में झपट्टा मारकर सोने की चेन खींच ली। जब पीड़िता ने शोर मचाना शुरू किया, तो आसपास के लोगों को इकट्ठा होता देख सभी आरोपी महिलाएं उसे जान से मारने की धमकियां देती हुई अपनी गाड़ियों में सवार होकर मौके से फरार हो गईं।
कार को लेकर चल रहा है मां-बेटी का पुराना विवाद
मामला दर्ज होने के बाद थाना सदर मोगा की पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। इस मामले की जांच कर रहे सहायक थानेदार (ASI) सतनाम सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच और पूछताछ में यह बात सामने आई है कि मां-बेटी के बीच एक कार के मालिकाना हक को लेकर पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा है। इसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने एक नामजद सहित एक दर्जन महिलाओं पर केस
पुलिस ने सुखविंदर कौर और उसके साथ आईं 10-11 अज्ञात महिलाओं के खिलाफ थाना सदर मोगा में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। जांच अधिकारी ने स्पष्ट किया कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं और दावों की गहनता से वैज्ञानिक व कानूनी जांच कर रही है। तथ्यों की पूरी तरह पुष्टि होने के बाद आरोपियों के खिलाफ आगामी सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

