मोगा निकाय चुनाव, भगोड़ों की धरपकड़ तेज: वारंटों की 100% तामील के निर्देश, SSP बोले- कानून-व्यवस्था बिगाड़ा तो सख्त कार्रवाई – Moga News
मोगा के जिला पुलिस प्रमुख (एसएसपी) सरताज सिंह चहल ने 26 मई को जिले में होने वाले नगर निगम और नगर पंचायत चुनावों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था भंग करने या शांति बिगाड़ने का प्रयास करने वाले किसी भी शरारती तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि मोगा पुलिस माननीय चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार पारदर्शी, निष्पक्ष और पूरी तरह से शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। चुनावों के दौरान अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस ने अपराधियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। एसएसपी चहल ने बताया कि चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए भगोड़ों (PO), बेल (जमानत) और पैरोल जंपर्स के खिलाफ सख्त कदम उठाने के विशेष आदेश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त, सभी थाना प्रभारियों को गैर-जमानती वारंटों की 100 प्रतिशत तामील सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि माहौल खराब करने की आशंका वाले तत्व पहले ही सलाखों के पीछे हों। सुरक्षा का भरोसा देने के लिए फ्लैग मार्च, बार्डर पर 24 घंटे नाकेबंदी आम जनता और मतदाताओं के भीतर सुरक्षा की भावना और विश्वास कायम रखने के लिए मोगा पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाले जा रहे हैं। जिले की सीमाओं और मुख्य सड़कों पर 24 घंटे विशेष नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। चुनावों को प्रभावित करने के लिए इस्तेमाल होने वाली अवैध शराब, नशीले पदार्थों (ड्रग्स) और भारी मात्रा में नकदी (कैश) की तस्करी को रोकने के लिए पुलिस की खुफिया टीमें पैनी नजर रख रही हैं। गन हाउस और काउंटिंग सेंटरों पर कड़ा पहरा, बाहरी व्यक्तियों पर रोक एसएसपी ने सभी थाना प्रमुखों को अपने-अपने अधिकार क्षेत्रों में समाज विरोधी तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने की हिदायत दी है। इसके साथ ही, जिले के सभी गन हाउस, काउंटिंग सेंटर, ईवीएम स्टोरेज सेंटर और चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों की सुरक्षा को पुख्ता करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस प्रमुख ने स्पष्ट किया कि मतदान वाले दिन किसी भी बाहरी या अज्ञात व्यक्ति को चुनाव वाले क्षेत्रों में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। एसएसपी की जनता से अपील: बिना किसी डर के करें मतदान जिला पुलिस प्रमुख सरताज सिंह चहल ने मोगा के आम नागरिकों से अपील की है कि वे अमन-कानून की स्थिति बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन का पूरा सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति को किसी गलत अफवाह, शरारती तत्वों या अवैध तस्करों के बारे में कोई जानकारी मिलती है, तो वे तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें। इसके साथ ही उन्होंने मतदाताओं से बिना किसी डर, लालच, भय या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आह्वान किया।
Source link

