ड्राइविंग ट्रैक पर सर्वर डाउन, बिना टेस्ट दिए आवेदक लौटे – Jalandhar News
भास्कर न्यूज | जालंधर ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए टेस्ट देने पहुंचे आवेदकों को सोमवार को उस समय भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, जब अचानक ड्राइविंग ट्रैक का मुख्य सर्वर ठप हो गया। तकनीकी खराबी केवल स्थानीय स्तर पर नहीं, बल्कि पूरे पंजाब में देखी गई, जिसके कारण निर्धारित समय पर ड्राइविंग टेस्ट नहीं हो सके। सुबह करीब 10 से 11 बजे तक ही नाममात्र का काम सुचारू रूप से हुआ, जिसके बाद सिस्टम पूरी तरह बैठ गया। ट्रैक पर पहुंचे आवेदक चिलचिलाती धूप में घंटों अपनी बारी का इंतजार करते रहे, लेकिन शाम तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया। इसके चलते टेस्ट की पूरी प्रक्रिया प्रभावित हुई और सैकड़ों लोगों को निराश होकर बिना टेस्ट दिए ही वापस लौटना पड़ा। आवेदकों का कहना है कि टेस्ट के लिए उन्हें हफ्तों पहले मशक्कत करके ऑनलाइन स्लॉट बुक करवाना पड़ता है। इस टेस्ट को देने के लिए लोग नकोदर, शाहकोट, लोहियां, आदमपुर और करतारपुर जैसे सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों से अपना जरूरी काम और दिहाड़ी छोड़कर पहुंचे थे, लेकिन सर्वर डाउन होने के कारण उनका समय और आने-जाने का पैसा दोनों पूरी तरह बर्बाद हो गया। लोगों ने परिवहन विभाग के खिलाफ रोष जताते हुए मांग की है कि डिजिटल इंडिया के इस दौर में ऐसी तकनीकी कमियों के लिए कोई ठोस वैकल्पिक व्यवस्था होनी चाहिए। ऑटो-रीशेड्यूलिंग : जिन आवेदकों का टेस्ट सर्वर डाउन होने के कारण छूटा है, उन्हें बिना किसी अतिरिक्त फीस या परेशानी के प्राथमिकता के आधार पर अगले 2-3 दिनों के भीतर का स्लॉट स्वतः आवंटित किया जाए। वैकल्पिक ऑफलाइन व्यवस्था : तकनीकी खराबी की स्थिति में मौके पर ही अधिकारियों द्वारा मैनुअल वेरिफिकेशन या कोई वैकल्पिक ऑफलाइन प्रक्रिया शुरू की जानी चाहिए, ताकि दूर से आए लोगों को वापस न जाना पड़े। बैकअप सर्वर और एडवांस अलर्ट : भविष्य में ऐसी स्थिति से निपटने के लिए परिवहन विभाग के पास क्लाउड बैकअप सर्वर होना चाहिए। साथ ही, सर्वर खराब होने पर आवेदकों के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर तुरंत अलर्ट मैसेज भेजा जाए ताकि वे परेशान होने से बच सकें।
Source link

