रूपनगर के गांव थाना का बेटा बना फाइटर पायलट: NDA से ट्रेनिंग पूरी कर भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर बना – Ropar (Rupnagar) News

रूपनगर के गांव थाना का बेटा बना फाइटर पायलट:  NDA से ट्रेनिंग पूरी कर भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर बना – Ropar (Rupnagar) News




रूपनगर के ब्लॉक नूरपुर बेदी के गांव थाना के करन सैनी भारतीय वायु सेना (IAF) में फ्लाइंग ऑफिसर (फाइटर पायलट) बन गए हैं। शनिवार, 13 जून 2026 को एयर फोर्स एकेडमी, हैदराबाद में आयोजित पासिंग आउट परेड के दौरान उन्हें आधिकारिक तौर पर विंग्स सौंपकर सेना में कमीशन दिया गया। इस उपलब्धि से पूरे इलाके और उनके पैतृक गांव में खुशी का माहौल है। करन सैनी का जन्म जनवरी 2004 में उनके ननिहाल गांव मवा में हुआ था। उनके पिता कुलवीर सैनी और माता पुष्पा देवी हैं। वह स्वर्गीय राम जी दास सैनी और बिमला रानी के पोते हैं। करन ने अपनी शुरुआती पढ़ाई माउंट कार्मल स्कूल, जिंदवड़ी (आनंदपुर साहिब) से पूरी की। दसवीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद, करन मोहाली आ गए। उन्होंने अपने ताया इंजीनियर प्रेम चंद सैनी और ताई सरोज सैनी के पास रहकर 12वीं की पढ़ाई पूरी की। 12वीं के तुरंत बाद, करन ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की एनडीए परीक्षा पहले ही प्रयास में पास कर ली। ऑल इंडिया मेरिट में स्थान बनाने के बाद उन्होंने एसएसबी (SSB) गुवाहाटी से इंटरव्यू क्लियर किया। 2022 में शुरू की थी ट्रेनिंग जुलाई 2022 में उन्होंने नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA), खड़कवासला (पुणे) में तीन साल की कठिन मिलिट्री ट्रेनिंग शुरू की। इसके बाद, उन्होंने एक साल की एडवांस फ्लाइंग ट्रेनिंग एयर फोर्स एकेडमी, हैदराबाद से पूरी की। अब वह देश के आसमान की सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगे। ग्रामीणों का कहना है कि करन ने अपनी कड़ी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है। ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर फाइटर पायलट बनने का उनका यह सफर इलाके के अन्य युवाओं को भी सेना में शामिल होने के लिए प्रेरित करेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *