शादियों में बदला ट्रेंड, म्यूजिकल फेरे और लाइव पेंटिंग का बढ़ा क्रेज – Jalandhar News
भास्कर न्यूज | जालंधर शादियां अब सिर्फ भारी-भरकम सजावट, स्वादिष्ट खाने और पारंपरिक रस्मों तक ही सीमित नहीं रह गई हैं। बदलते समय के साथ वेडिंग सेलिब्रेशन में क्रिएटिविटी और इंटरैक्टिव एंटरटेनमेंट का चलन तेजी से बढ़ रहा है। शादी समारोह में मेहमानों के मनोरंजन के लिए अब लाइव पेंटिंग, कैरीकेचर आर्टिस्ट, टैरोट कार्ड रीडिंग, गजरा स्टॉल, ईयररिंग स्टॉल और फेरों के दौरान भजन जैमिंग जैसी अनूठी गतिविधियां शामिल की जा रही हैं। वेडिंग प्लानर्स और आर्टिस्टों के अनुसार, पिछले तीन वर्षों में इन सेवाओं की मांग में भारी बढ़ोतरी हुई है। शादी के सीजन में कई आर्टिस्टों को एक महीने में 7 से 8 बुकिंग तक मिल जाती हैं। यह ट्रेंड केवल शादियों तक सीमित नहीं है, बल्कि बर्थडे पार्टियों, सिल्वर जुबली समारोहों और किटी पार्टियों में भी खूब पसंद किया जा रहा है। इसी तरह शहरों में लोग अपने खास दिन को आध्यात्मिक बनाने के लिए डीजे के बजाय भजन क्लबिंग और म्यूजिकल फेरे को प्राथमिकता दे रहे हैं। आर्टिस्ट जसवंत सिंह ने बताया कि लाइव पेंटिंग बनाने में 3 से 4 घंटे का समय लगता है। रस्मों के दौरान लोग लगातार गतिशील रहते हैं, इसलिए उनके भावों को तुरंत कैनवास पर उतारना बड़ी चुनौती है। वहीं, बर्थडे पार्टी में 25 से 30 कैरीकेचर बनाना भी आसान नहीं होता। लाइव पेंटिंग का शुरुआती खर्च आमतौर पर 20 हजार रुपये के आसपास आता है। वेडिंग प्लानर वीराज भारद्वाज का कहना है कि लोग अपनी शादियों को दूसरों से अलग बनाना चाहते हैं। रस्मों के बीच मेहमानों को इंतजार न करना पड़े, इसलिए ये स्टॉल मनोरंजन का बेहतरीन जरिया बनते हैं। मेहमान यहां से अपने स्केच या स्मृति चिन्ह साथ घर ले जा सकते हैं, जिससे शादी का आनंद कई गुना बढ़ जाता है। लाइव पेंटिंग : एक कारोबारी परिवार ने बेटी की शादी में लाइव पेंटिंग करवाई, जहां आर्टिस्ट ने वरमाला समारोह, स्टेज और दूल्हा-दुल्हन के दृश्य को हूबहू कैनवास पर उकेरा। एक अन्य कपल ने भी अपने विवाह में ऐसी ही लाइव आर्ट के जरिए यादगार तस्वीर बनवाई। कैरीकेचर स्टॉल : एक परिवार ने अपनी 5 साल की बेटी के जन्मदिन पर कैरीकेचर स्टॉल लगवाया, जहां आर्टिस्ट ने बच्चों के चेहरे को कार्टून व सुपरहीरो का रूप देकर मजेदार स्केच बनाए। टैरोट कार्ड रीडिंग : एक परिवार ने अपनी सिल्वर जुबली एनिवर्सरी पर टैरोट कार्ड रीडर का स्टॉल लगाया, जो मेहमानों के लिए हंसी-मजाक और मनोरंजन का केंद्र बना।
Source link

