अबोहर में झाड़ियों में मिला युवक का शव: सिर- प्राइवेट पार्ट पर चोट के निशान, जीजा की बाइक लेकर निकला; 2 बच्चों का पिता – Abohar News
फाजिल्का जिले में अबोहर के बस स्टैंड के निकट पुराने स्टेडियम में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव मिला है। युवक के सिर और गुप्तांगों सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना नंबर-1 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान 30 वर्षीय समीर पुत्र मदन लाल के रूप में हुई है, जो अनाज मंडी में काम करता था। शुक्रवार सुबह कुछ लोगों ने पुराने स्टेडियम की झाड़ियों के पास समीर को मृत अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस और नर सेवा नारायण सेवा समिति को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जुटाई जानकारी सूचना मिलने पर थाना नंबर-1 से एएसआई भूपेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। नर सेवा नारायण सेवा समिति के प्रधान राजू चराया और बिट्टू नरूला ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई में सहयोग किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और मौके से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस के अनुसार, मृतक के सिर और गुप्तांगों पर गहरे चोट के निशान मिले हैं। शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोटों के निशान पाए गए हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हत्या सहित सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। हालांकि, मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। रातभर घर वापस नहीं लौटा जानकारी के अनुसार, समीर दो बच्चों का पिता था और गुरुवार रात अपने जीजा की बाइक लेकर घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजन चिंतित थे, लेकिन शुक्रवार सुबह उसके मृत मिलने की सूचना ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। घटनास्थल के पास मिलेी बाइक के आधार पर ही पुलिस ने परिजनों का पता लगाकर उन्हें घटना की जानकारी दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मृतक की अंतिम गतिविधियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल मामले की जांच जारी है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link

