कोलकाता की सरकारी बिल्डिंग में आग, 4 हजार EVM जलीं: 10 सीटों पर इस्तेमाल हुई थीं मशीनें; मंत्री बोले- साजिश की आशंका से इनकार नहीं
पश्चिम बंगाल के कोलकाता में एक सरकारी बिल्डिंग में आग लगने से करीब 4 हजार EVM जल गईं। ये मशीनें इसी साल हुए विधानसभा चुनाव में 10 सीटों पर इस्तेमाल की गई थीं। घटना के बाद कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने सवाल उठाए हैं। वहीं, पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री कौशिक चौधरी ने कहा कि आग सामान्य नहीं लगती। FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। बिल्डिंग में दक्षिण 24 परगना जिला परिषद समेत कई सरकारी दफ्तर हैं। आग पर पूरी तरह काबू पाने में करीब 24 घंटे लगे। मंत्री ने कहा- आग सामान्य नहीं लगती कौशिक चौधरी ने बताया कि आग सबसे पहले दूसरी और तीसरी मंजिल पर दिखी थी। इसके बाद यह सातवीं, आठवीं, नौवीं और दसवीं मंजिल तक पहुंच गई। उन्होंने सवाल उठाया कि चौथी, पांचवीं और छठी मंजिल को ज्यादा नुकसान पहुंचे बिना आग ऊपर कैसे पहुंची। फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होगी, लेकिन साजिश की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। कांग्रेस-AAP ने उठाए सवाल कांग्रेस ने कहा- सरकार और चुनाव आयोग को बताना चाहिए कि आग कैसे लगी और ऊपरी मंजिलों तक कैसे पहुंची। AAP ने कहा- एक सरकारी बिल्डिंग में इतनी बड़ी आग कैसे लगी और हजारों EVM इसकी चपेट में कैसे आ गईं। FIR दर्ज, फॉरेंसिक जांच शुरू दक्षिण 24 परगना प्रशासन की शिकायत पर अलीपुर थाने में FIR दर्ज की गई है। पुलिस आग की वजह तलाश रही है। अभी यह साफ नहीं है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या किसी और कारण से। फॉरेंसिक टीम मौके से नमूने जुटाएगी। जांच में यह भी देखा जाएगा कि आग हादसा थी या किसी ने जानबूझकर लगाई थी।
Source link

