DLSA-अमृतसर की मानवीय पहल:: केंद्रीय जेल के ट्रांजिट कैंप से 9 बांग्लादेशी नागरिकों की कानूनी औपचारिकताओं के बाद सकुशल स्वदेश वापसी सुनिश्चित की गई। – Amritsar News
अमृतसर में एक महत्वपूर्ण मानवीय और कल्याणकारी पहल के तहत 9 बांग्लादेशी नागरिकों, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं, की सफलतापूर्वक स्वदेश वापसी सुनिश्चित की गई। ये सभी नागरिक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद केंद्रीय जेल, अमृतसर के ट्रांजिट कैंप में रह रहे थे। 30 घंटे की रेल यात्रा के बाद सीमा पर पहुंचेंगे प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी 9 बांग्लादेशी नागरिकों को 11 जून 2026 यानी आज अमृतसर से उनके देश वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई। निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं के अनुसार उन्हें सुरक्षा एवं आवश्यक सुविधाओं के साथ रवाना किया गया। लगभग 30 घंटे की रेल यात्रा के बाद वे बांग्लादेश सीमा पर पहुंचेंगे, जहां उन्हें उनके देश के संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया जाएगा। यह पूरी कार्रवाई जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अमृतसर, जतिंदर कौर के मार्गदर्शन एवं निगरानी में संपन्न हुई। वहीं, डीएलएसए अमृतसर के सचिव अमरदीप सिंह बैंस ने संबंधित विभागों और अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर इस प्रक्रिया को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने विदेशी नागरिकों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के अपने दायित्व का निर्वहन करते हुए इन मामलों की नियमित निगरानी की तथा आवश्यक कानूनी सहायता भी उपलब्ध कराई। साथ ही विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर उनकी शीघ्र स्वदेश वापसी सुनिश्चित की गई। जरूरतमंदों को न्याय दिलाने का संकल्प जारी अधिकारियों का कहना है कि लंबे समय से अपने परिवारों से दूर रह रहे इन नागरिकों के लिए यह वापसी एक नई उम्मीद लेकर आई है। संयुक्त प्रयासों के कारण उनका अपने परिजनों से पुनर्मिलन संभव हो सकेगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने कहा कि भविष्य में भी जरूरतमंद व्यक्तियों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने और न्याय तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करने के लिए इसी प्रकार कार्य जारी रखा जाएगा।
Source link

