मोगा में मोटरसाइकिल स्नैचिंग करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार: छीना गया बाइक बरामद, रिमांड में पूछताछ से खुल सकते हैं राज – Moga News
मोगा पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मोटरसाइकिल छीनने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से छीना गया मोटरसाइकिल भी बरामद कर लिया है। मोगा के एसएसपी ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस चौकी किशनपुरा कलां की टीम ने यह कार्रवाई की। डीएसपी धर्मकोट सुखविंदर सिंह बराड़ ने बताया कि चौकी प्रभारी सहायक थाना प्रभारी बलजिंदर सिंह पुलिस पार्टी सहित देर रात इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि जगदीश सिंह उर्फ हरमन (निवासी पट्टी हवेली, मलसियां, शाहकोट) और राज कुमार उर्फ राजा (निवासी गांव बंडाला, फिल्लौर) एक छीने हुए मोटरसाइकिल के साथ इलाके में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक बिना नंबर का मोटरसाइकिल बरामद हुआ, जो छीना गया था। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने कुछ दिन पहले गांव किशनपुरा के नजदीक से यह मोटरसाइकिल छीना था। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में इलाके में घूम रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना धर्मकोट में मामला दर्ज कर लिया है। उन्हें अदालत में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।
Source link

