जगराओं में NRI महिला से 1.20 लाख की ठगी: फर्जी पत्रकार बनकर ऐंठे रुपये, एक गिरफ्तार; अस्पताल में AAP नेता से बहस – Jagraon News
जगराओं में एक एनआरआई महिला से शिकायत पर कार्रवाई करवाने के नाम पर 1.20 लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है। दो व्यक्तियों ने खुद को फर्जी पत्रकार बताकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर एक को गिरफ्तार कर लिया है,
.
पीड़ित महिला अमनदीप कौर, निवासी गांव नंगल (लुधियाना), इंग्लैंड की नागरिक हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका जगराओं की एसडीएम अदालत में एक सिविल केस चल रहा है। 3 जून को केस की तारीख पर दूसरे पक्ष से उनकी बहस हो गई थी, जिसके बाद उन्होंने मीडिया में जाने का मन बनाया।
इसी दौरान दो व्यक्ति अमनदीप कौर के पास पहुंचे और खुद को पत्रकार बताकर उन्हें भरोसे में ले लिया। उन्होंने शिकायत पर कार्रवाई करवाने के नाम पर महिला से 1 लाख रुपए ले लिए।
महिला ने SSP से की शिकायत
शिकायत के अनुसार, 4 जून को महिला ने इस घटना को लेकर एसएसपी डॉ. अंकुर गुप्ता को शिकायत दी, जिस पर थाना सिटी को जांच के आदेश दिए गए। 8 जून को दोनों आरोपी दोबारा महिला से मिले और शिकायत पर कार्रवाई करवाने के लिए 5 लाख रुपए की मांग की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से ‘सेटिंग’ होने का दावा किया।
जब महिला ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई, तो आरोपियों ने उसे झांसे में लेकर 20 हजार रुपए और ले लिए। बाद में महिला को पता चला कि दोनों व्यक्ति फर्जी पत्रकार हैं और उसके साथ ठगी की गई है। इसके बाद उन्होंने पुलिस को दोबारा शिकायत दी।
पुलिस जांच के बाद थाना सिटी में आरोपियों नसीब सिंह उर्फ नसीब विर्क (गांव विर्क) और सोनी शेरपुरी (गांव शेरपुर कलां) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 308(2), 318(4), 61(2), 74, 351(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आरोपी सोनी फरार
पुलिस ने नसीब विर्क को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सोनी शेरपुरी अभी फरार है। थाना सिटी के एसआई खुशपिंदर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड लिया जाएगा।वरंट अफसर ने थाने में तड़के मारा छापा, आरोपी की गिरफ्तारी समय को लेकर जांच शुरू सूत्रों के अनुसार पुलिस ने देर रात ही आरोपी को हिरासत में लेकर उसकी गिरफ्तारी दर्ज कर दी थी।
वहीं दूसरी ओर आरोपी के परिजनों ने वकील के माध्यम से हाईकोर्ट में याचिका दायर कर आरोप लगाया कि उसे अवैध रूप से हिरासत में रखा गया है। इसके बाद वरंट अफसर ने सुबह करीब चार बजे थाना सिटी में छापा मारा। हालांकि तब तक पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी पहले ही दर्ज कर चुकी थी। मामले की जांच के दौरान वरंट अफसर ने गिरफ्तारी का समय, केस दर्ज होने का समय और संबंधित सभी रिकॉर्ड नोट किए तथा अपनी रिपोर्ट तैयार की। मेडिकल के दौरान अस्पताल में AAP नेता से तीखी बहस
दूसरी ओर, गिरफ्तार नसीब विर्क को पुलिस ने दोपहर में जगराओं के सिविल अस्पताल में मेडिकल जांच के बाद कोर्ट में पेश किया। नसीब विर्क की अस्पताल में आम आदमी पार्टी के सीनियर नेता गोपी शर्मा से भी तीखी बहस हो गई
मिली जानकारी के मुताबिक, AAP नेता नसीब विर्क हथकड़ी में उनका वीडियो बना रहे थे, जिस पर आरोपी भड़क गया। पहले आरोपी ने इसकी शिकायत पुलिस से की, लेकिन बाद में दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। विड़ियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया
वायरल हो रहे वीडियो में गोपी शर्मा को आरोपी से यह कहते हुए सुना जा सकता है कि “पूरी ज़िंदगी लोगों को ब्लैकमेल करने के अलावा तुमने किया ही क्या है?” AAP नेता ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले, जब उनकी पत्नी नगर कौंसिल का चुनाव लड़ रही थीं, तो इन्हीं लोगों ने उनसे सीधे 50,000 रुपए मांगे थे।

