बठिंडा में हेरोइन तस्करी गिरोह का भंडाफोड़: 4 आरोपी गिरफ्तार, 258 ग्राम हेरोइन, रिवॉल्वर और कार बरामद – Bathinda News
बठिंडा पुलिस ने हेरोइन की तस्करी करने वाले एक गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 258 ग्राम हेरोइन, एक कार और एक देसी रिवॉल्वर बरामद की है। गिरफ्तार किए गए युवक अलग-अलग जिलों के निवासी हैं और एक संगठित गिरोह बनाकर नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रहे थे। फूल पुलिस स्टेशन की टीम को यह सफलता चेकिंग के दौरान मिली। टीम ने एक इटियोस कार से 20 ग्राम हेरोइन के साथ तीन युवकों को पकड़ा। उनसे पूछताछ के बाद पुलिस ने कुल 258 ग्राम हेरोइन, एक देसी रिवॉल्वर और 19 जिंदा कारतूस बरामद किए। चारों आरोपी गिरफ्तार आगे की जांच में पुलिस ने राजस्थान के शाहपिनी गांव निवासी एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी बेरोजगार हैं और इनकी उम्र 23 से 28 वर्ष के बीच है। एसपी सिटी बठिंडा नरिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने गश्त के दौरान इन आरोपियों को पकड़ा था। उन्होंने कहा कि ये युवक जल्दी पैसा कमाने के लालच में नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल हो गए थे। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है। इस मामले में आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना है। आरोपियों में से एक के खिलाफ पहले से ही दो मामले दर्ज हैं।
Source link

