बंदी सिंहों की जल्द हो रिहाई: अकाली दल पुनर सुरजीत का DC पठानकोट को मांगपत्र; MSP गारंटी समेत कई मुद्दे उठाए – Pathankot News
शिरोमणि अकाली दल पुनर सुरजीत की ओर से मंगलवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर डिप्टी कमिश्नर पठानकोट डॉ. पल्लवी को एक मांगपत्र सौंपा गया। पार्टी नेताओं ने कहा कि यह मांग पत्र उनके माध्यम से पंजाब के राज्यपाल तक पहुंचाया जाएगा। शिरोमणि अकाली दल के मीत प्रधान सुच्चा सिंह छोटेपुर ने बताया कि पंजाब से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे लंबे समय से लंबित पड़े हैं। विभिन्न संगठनों और नेताओं द्वारा समय-समय पर इन मुद्दों को उठाया गया, लेकिन सरकार ने अब तक उनकी ओर कोई विशेष ध्यान नहीं दिया है। इसी के चलते 1 और 2 जून को पंजाब भर के डिप्टी कमिश्नरों के माध्यम से राज्यपाल को मांग पत्र सौंपे जा रहे हैं। कई बंदी सिंह 30 से 32 वर्षों से जेलों में बंद
सुच्चा सिंह ने कहा कि उनकी प्रमुख मांगों में वर्षों से जेलों में बंद बंदी सिंहों की रिहाई शामिल है। उनका कहना था कि कई बंदी सिंह 30 से 32 वर्षों से जेलों में बंद हैं, जबकि सामान्य तौर पर हत्या जैसे मामलों में भी इतनी लंबी सजा का प्रावधान नहीं है और वे अपनी निर्धारित सजा से कहीं अधिक समय जेल में बिता चुके हैं। इसलिए उनकी रिहाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। एमएसपी सुनिश्चित करे सरकार
किसानों के मुद्दे को उठाते हुए उन्होंने कहा कि किसानों को फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) नहीं मिल रहा, जिसके कारण किसान आर्थिक संकट और कर्ज के बोझ तले दबे हुए हैं। उन्होंने सरकार से किसानों की मांगों को जल्द पूरा करने तथा एमएसपी को कानूनी गारंटी देने की मांग की।
सुच्चा सिंह छोटेपुर ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान बंद किए गए करतारपुर कॉरिडोर को जल्द से जल्द पुनः खोला जाना चाहिए, ताकि संगत श्री गुरु नानक देव जी से जुड़े पवित्र स्थलों के दर्शन कर सके। 15 वर्षों से नहीं हुए एसजीपीसी के चुनाव
इसके अलावा उन्होंने पंजाब के पानी के मुद्दे, विश्वविद्यालयों से जुड़े मामलों तथा शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के चुनावों का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि एसजीपीसी के चुनाव पिछले लगभग 15 वर्षों से नहीं करवाए गए हैं, जिन्हें जल्द करवाया जाना चाहिए।
अंत में उन्होंने कहा कि आज डिप्टी कमिश्नर पठानकोट को मांग पत्र सौंपा गया है और उम्मीद है कि उनकी मांगों को राज्यपाल पंजाब तक पहुंचाकर उचित कार्रवाई की जाएगी।
Source link

