यूपी के रामपुर में बुधवार सुबह 10 बजे चलती संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन में दो बदमाशों ने तमंचा और पिस्टल दिखकर दो कर्मचारियों से 7 लाख रुपए लूट लिए। पीड़ित उत्तराखंड के रहने वाले हैं। वे कारोबारी की दुकान के लिए ऑटोमोबाइल का सामान खरीदने दिल्ली जा रहे थे। आरोप है कि बदमाश पहले से ही ट्रेन में सवार थे। ट्रेन जैसे ही बिलासपुर के नजदीक धीमी हुई, बदमाशों ने दोनों कर्मचारियों को घेर लिया। उन्होंने दोनों कर्मचारियों को गन प्वाइंट पर लिया और उनसे लगभग 7 लाख रुपए लूट लिए। आरोप है कि भागते समय बदमाशों ने हवाई फायरिंग भी की, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई। इसके बाद बदमाश चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गए। यह घटना बिलासपुर कोतवाली क्षेत्र में हुई। 2 फोटो देखिए… व्यापार मंडल बोला- आरपीएफ जल्दी कार्रवाई करें
घटना की सूचना मिलते ही रुद्रपुर रेलवे स्टेशन पर व्यापारियों की भीड़ जमा हो गई। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने पीड़ितों से मुलाकात की। व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा के नेतृत्व में व्यापारियों ने आरपीएफ से मिलकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बदमाशों की तलाश में आसपास के क्षेत्रों में लगातार दबिश दी जा रही है। अब सिलसिलेवार ढंग से पढ़िए पूरी खबर… सुबह दिल्ली के लिए रवाना हुए थे
ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर की सिंह कॉलोनी स्थित जपनीत ऑटो के कर्मचारी रितिक मंडल और साहिब सिंह ऑटोमोबाइल का सामान खरीदने दिल्ली जा रहे थे। दोनों बुधवार सुबह रुद्रपुर रेलवे स्टेशन से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। उन्हें दिल्ली से ऑटोमोबाइल का सामान खरीदना था, जिसके लिए वे नकदी लेकर जा रहे थे। सुरक्षा के लिहाज से दोनों कर्मचारियों ने 7 लाख की नकदी अपनी कमर में बेल्ट के जरिए बांध रखी थी। आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों को पहले से ही इस बड़ी रकम की भनक लग गई थी और वे रेकी करते हुए उसी ट्रेन में सवार हो गए। जैसे ही संपर्क क्रांति एक्सप्रेस उत्तर प्रदेश के बिलासपुर रोड स्टेशन के नजदीक पहुंची, ट्रेन की रफ्तार धीमी हो गई। इसी दौरान तीन बदमाशों ने रितिक और साहिब सिंह को घेर लिया। बदमाशों ने उनके सिर पर तमंचा और पिस्टल तान दी, जिससे कर्मचारी बुरी तरह दहशत में आ गए। चलती ट्रेन से छलांग लगाई
मौत का डर दिखाकर बदमाशों ने कर्मचारियों की कमर से नोटों से भरी बेल्ट छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद, बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की और चलती ट्रेन से छलांग लगाकर भाग गए। घटना के बाद पूरी ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई। लूट की खबर मिलते ही रुद्रपुर के व्यापारियों में भारी रोष फैल गया। व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा के नेतृत्व में दर्जनों व्यापारी रेलवे स्टेशन पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। व्यापारियों ने आरपीएफ चौकी प्रभारी संतोष कुमार मीणा से मुलाकात कर जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की। घटना की सूचना पर रुद्रपुर और रामपुर की जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) और आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने पीड़ितों से पूछताछ की, घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के जंगलों में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला। जीआरपी प्रभारी ईश्वर चंद ने बताया, मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं। आरपीएफ अधिकारी शिखा मलिक ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की है। पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। आरपीएफ चौकी प्रभारी के मुताबिक, पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। बिलासपुर रोड रेलवे स्टेशन और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को शक है कि यह किसी ‘इनसाइडर’ की टिप हो सकती है, क्योंकि बदमाशों को सटीक पता था कि पैसा कहां छिपाया गया है। —————— ये खबर भी पढ़ें… आशुतोष महाराज ने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक को अपशब्द कहे:लिखा- ब्राह्मणों का अपमान किया..बदला लूंगा, लखनऊ में तहरीर दी आशुतोष ब्रह्मचारी ने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक को लेकर फेसबुक पर अपशब्द लिखे। उन्होंने उपमुख्यमंत्री के खिलाफ लखनऊ पुलिस से शिकायत की है। शंकराचार्य पर बटुकों से यौन उत्पीड़न की FIR कराने वाले आशुतोष महाराज बुधवार को हजरतगंज कोतवाली पहुंचे। पढ़ें पूरी खबर…
Source link








