पठानकोट में गर्भवती को ससुराल वालों ने पीटा: कार की मांग पूरी न होने पर रात में घर से निकालने का आरोप; पति, सास व ससुर पर FIR – Pathankot News

पठानकोट में गर्भवती को ससुराल वालों ने पीटा:  कार की मांग पूरी न होने पर रात में घर से निकालने का आरोप; पति, सास व ससुर पर FIR – Pathankot News




पठानकोट में ससुराल वालों पर अपनी ही गर्भवती बहू को बेरहमी से पीटने और रात के अंधेरे में घर से बाहर निकालने के आरोप लगे हैं। गर्भवती महिला का आरोप है कि ससुरालियों ने दहेज में कार न मिलने के कारण उसके साथ मारपीट की और फिर उसे घर से बाहर निकाल दिया। पुलिस को मामले की शिकायत दी गई है। जिसके बाद पुलिस ने पीड़िता के पति, सास और ससुर के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता पठानकोट की रहने वाली है, जबकि सभी आरोपी अमृतसर के निवासी हैं। 26 नवंबर को हुई थी शादी
शिकायतकर्ता ईशा मनहास निवासी बमियाल, पठानकोट का विवाह 26 नवंबर 2025 को हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार प्रदीप सिंह निवासी बर्ड एवेन्यू अमृतसर के साथ हुआ था। पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शादी के महज एक महीने बाद ही उसके पति प्रदीप, ससुर जोगिंदर और सास सुरेश ने उसे कम दहेज के ताने देना शुरू कर दिया। ससुराल वाले लगातार उससे मायके से कार लाने का दबाव बना रहे थे। जब पीड़िता ने असमर्थता जताई, तो उसके साथ मारपीट की जाने लगी। गर्भवती होने के बावजूद पीटा, रात को घर से निकाला
शिकायत के मुताबिक प्रताड़ना के बीच जब पीड़िता गर्भवती हो गई, तब भी आरोपियों का दिल नहीं पसीजा। 2 मार्च को गर्भावस्था की हालत में ही पति और ससुराल वालों ने मिलकर उसे पीटा और रात के समय धक्का देकर घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता ने जैसे-तैसे रात के समय बस पकड़कर अपने मायके बमियाल पहुंचकर अपनी जान बचाई। मेडिकल रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद मामला दर्ज
मायके पहुंचने के बाद, 3 मार्च को पीड़िता ने थाना नरोट जैमल सिंह के अधीन आती पुलिस चौकी बमियाल में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता का सरकारी अस्पताल से मेडिकल करवाया, जिसमें चोटों की पुष्टि हुई। जिसके बाद एसएसपी पठानकोट के निर्देश पर की गई जांच में दहेज के लिए तंग करना, मारपीट करना और पहले दिए गए दहेज के सामान को खुर्द-बुर्द करना सही पाया गया। पुलिस ने आरोपी पति प्रदीप, ससुर जोगिंदर और सास सुरेश के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *