फिरोजपुर के गांव में तालाब से मिला ड्रोन: सफाई के दौरान तिरपाल गिरने से दिखा, बीएसएफ और पुलिस जांच में जुटी – Fazilka News
पंजाब के सरहदी जिले फिरोजपुर के अंतर्गत आते गुरुहरसहाय के भारत-पाकिस्तान सीमावर्ती गांव छांगा राय उताड़ में एक बड़ा ड्रोन बरामद होने से हड़कंप मच गया है। यह ड्रोन गांव के एक छप्पड़ (तालाब) से संदेहास्पद परिस्थितियों में मिला है। घटना की भनक लगते ही पंजाब पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (BSF) की टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच का बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। ग्रामीणों के मुताबिक, गांव की पंचायत द्वारा छप्पड़ के पानी और गाद की सफाई करवाने के लिए मोटर लगाई गई थी। इसी काम के दौरान अचानक एक तिरपाल हवा में उड़कर छप्पड़ के पानी में जा गिरी। सरपंच ने बताया कि जब मजदूर उस तिरपाल को पानी से बाहर निकालने लगे, तो तिरपाल के साथ एक नुकीली और भारी चीज पानी से ऊपर आती दिखाई दी। जब उसे पूरी तरह बाहर खींचा गया, तो वहां मौजूद सभी लोग दंग रह गए। वह एक बड़ा ड्रोन था, जो लंबे समय से छप्पड़ के भीतर डूबा हुआ था। ग्रामीणों ने बिना देरी किए इसकी सूचना तुरंत पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को दी। मौके पर पहुंचे बीएसएफ और पुलिस बल ने इसकी जांच शुरू की।
ड्रोन के साथ हेरोइन होने की आशंका; पानी खंगाल रही टीमें सूचना मिलते ही गुरुहरसहाय के पुलिस अधिकारी जगदीप सिंह भारी पुलिस बल और BSF के जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ड्रोन को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारी जगदीप सिंह ने बताया कि बरामद ड्रोन काफी बड़े आकार का है, जिसका इस्तेमाल आमतौर पर सीमा पार से तस्करी के लिए किया जाता है। अंदेशा जताया जा रहा है कि इस ड्रोन के जरिए हेरोइन या हथियारों की खेप गिराई गई होगी। इस आशंका के चलते पुलिस और BSF अब छप्पड़ के पानी को पूरी तरह साफ करवाकर सघन तलाशी अभियान चला रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं ड्रोन के साथ आई हेरोइन की खेप भी पानी के भीतर तो नहीं छिपी है। कब और कैसे आया ड्रोन? जांच में जुटी एजेंसियां फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां और स्थानीय पुलिस इस तकनीकी और संदेहास्पद पहलू की बारीकी से जांच कर रही हैं कि यह ड्रोन किस दिन सीमा पार से भारतीय क्षेत्र में दाखिल हुआ था और किन परिस्थितियों में इस छप्पड़ में क्रैश होकर गिरा। इस संवेदनशील मामले में पुलिस और BSF का संयुक्त जांच अभियान लगातार जारी है।
Source link

