विजय बोले- DMK-AIADMK को सूट पहनने से दिक्कत क्यों: मेरी पॉलिटिक्स भी सूट की तरह ब्लैक एंड व्हाइट; मैं मुख्यमंत्री नहीं पहला सेवक हूं
तिरुचिरापल्ली7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
विजयन ने मुख्यमंत्री बनने के बाद सोमवार को तिरुचिरापल्ली में अपनी पहली जनसभा की।
तमिलनाडु के सीएम विजय ने सोमवार को शपथ कार्यक्रम में सूट पहनने को लेकर उठे सवालों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि DMK और AIADMK को सूट पहनने पर आपत्ति क्यों है।
विजय ने कहा- मेरी पॉलिटिक्स भी सूट की तरह ब्लैक एंड व्हाइट रहेगी। उनके मुताबिक ये रंग साफ सोच और बिना किसी भ्रम के फैसले लेने का संदेश देते हैं।
तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) प्रमुख विजय ने विपक्ष के हॉर्स-ट्रेडिंग के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव का रिजल्ट आने के बाद दोनों द्रविड़ दल DMK और AIADMK ने सत्ता हासिल करने के लिए हॉर्स-ट्रेडिंग की कोशिशें की थीं।
विजय ने आरोप लगाया कि DMK की पारिवारिक राजनीति उसकी चुनावी हार का बड़ा कारण बनी। उन्होंने कहा कि जनता अब नई राजनीति चाहती है और TVK उसी उम्मीद का प्रतिनिधित्व कर रही है।

विजय की स्पीच की प्रमुख बातें…
- जिन लोगों ने कहा था कि वे हमारी सरकार को छह महीने का समय देंगे, वे छह दिन भी इंतजार नहीं कर सके। सरकार के गठन के तुरंत बाद विपक्ष ने आलोचना शुरू कर दी।
- अगर TVK की सरकार नहीं बनती तो पुरानी राजनीतिक व्यवस्था जारी रहती, लेकिन लोगों ने बदलाव के पक्ष में वोट दिया। जनता ने DMK और AIADMK की राजनीति को खारिज कर TVK को चुना है।
- TVK की जीत से पारंपरिक राजनीतिक दलों की पकड़ कमजोर हुई है। DMK बुरी ताकत है और AIADMK खत्म हो चुकी है। अब राज्य की राजनीति में असली मुकाबला TVK और DMK के बीच है।
- TVK को पहले ही चुनाव में जितना समर्थन मिला, वैसा समर्थन तमिलनाडु की राजनीति में कम देखने को मिला है। मेरी तुलना पूर्व मुख्यमंत्री एमजी रामचंद्रन से न करें। MGR, MGR हैं और मैं आपका विजय हूं। मैं अन्ना, पेरियार और MGR के दिखाए रास्ते पर काम करने आया हूं।
- उनकी पार्टी ने चुनाव में जाति, धर्म और पैसे के आधार पर वोट मांगने की राजनीति को चुनौती दी है। उनकी सरकार सभी वर्गों के लिए काम करेगी और राज्य के अधिकारों तथा धर्मनिरपेक्षता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
तिरुचिरापल्ली के वोटरों को दिया धन्यवाद
मुख्यमंत्री ने तिरुचिरापल्ली ईस्ट विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं का विशेष रूप से आभार जताया। हालांकि चुनाव जीतने के बाद उन्होंने इस सीट से इस्तीफा देकर चेन्नई की पेरम्बूर सीट अपने पास रखी है, लेकिन उन्होंने कहा कि तिरुचिरापल्ली के लोग हमेशा उनके दिल के करीब रहेंगे।
विजय ने कहा- लोग मुझे पेरम्बूर का विधायक कहते हैं, लेकिन तिरुचिरापल्ली के लोगों से मेरा भावनात्मक रिश्ता है।
चुनाव में TVK की बड़ी जीत
23 अप्रैल को हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में TVK ने 108 सीटें जीतकर सरकार बनाई। विजय ने दो सीटों- पेरम्बूर और तिरुचिरापल्ली ईस्ट—से चुनाव लड़ा था और दोनों जगह जीत हासिल की थी। मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने तिरुचिरापल्ली ईस्ट सीट छोड़ दी और पेरम्बूर सीट अपने पास रखी।


