लुधियाना में स्कूल वैन ने मासूम को कुचला: मां के साथ जा रहा था बहन को गाड़ी में बैठाने, लोगों ने पीछा कर दबोचा – Ludhiana News
लुधियाना के कोहाड़ा क्षेत्र के गांव शालू (बेनी) में बुधवार सुबह एक सड़क हादसे में ढाई वर्षीय मासूम समरदीप की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब वह अपनी मां के साथ बड़ी बहन को स्कूल वैन में बैठाने के लिए घर के बाहर आया था। तेज रफ्तार BITS स्कूल की वैन की चपेट में आने से मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। बहन को स्कूल वैन में बैठाने आया था मासूम जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब सात बजे समरदीप अपनी मां के साथ घर के बाहर खड़ा था। उसकी बड़ी बहन रोज की तरह BITS स्कूल की वैन से स्कूल जाने वाली थी। इसी दौरान स्कूल वैन वहां पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वैन आगे बढ़ी तो मासूम उसकी चपेट में आ गया। ग्रामीणों का कहना है कि पहले वैन का अगला टायर बच्चे के ऊपर से गुजरा और इसके बाद पीछे का टायर भी उसे कुचलता हुआ निकल गया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोग सन्न रह गए। परिवार के सामने ही मासूम ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक नहीं रुका स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुर्घटना के बाद भी चालक ने वैन नहीं रोकी और मौके से भागने लगा। लोगों ने उसे रोकने के लिए आवाज लगाई, लेकिन वह वाहन लेकर आगे निकल गया। इसके बाद ग्रामीणों और राहगीरों ने अपने वाहनों से उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर नजदीकी गांव के पास वैन को रोक लिया। चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। चालक ने खुद को बताया निर्दोष प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पकड़े जाने पर चालक ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि हादसे में उसकी कोई गलती नहीं है। चालक की इस बात से लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। वैन ड्राइवर के पास नहीं वैध लाइसेंस ग्रामीणों का दावा है कि स्कूल वैन चला रहा युवक करीब 19 वर्ष का है और उसके पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था। हालांकि पुलिस ने अभी इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस चालक के लाइसेंस, वाहन के दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही है। यदि जांच में यह आरोप सही पाया जाता है तो स्कूल वाहन संचालन में गंभीर लापरवाही का मामला बन सकता है। मासूम समरदीप की मौत की खबर मिलते ही गांव शालू (बेनी) और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने स्कूल वैन चालक और स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। लोगों का कहना है कि यदि चालक सावधानी से वाहन चलाता या हादसे के तुरंत बाद रुककर मदद करता तो स्थिति अलग हो सकती थी। ग्रामीणों ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही यह भी जांच की जाए कि चालक की नियुक्ति किस आधार पर की गई और क्या उसके पास आवश्यक दस्तावेज मौजूद थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि चालक के पास वैध लाइसेंस नहीं मिला या किसी प्रकार की लापरवाही साबित हुई तो उसके अनुसार संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
Source link

