सेंट्रल जेल से कंवल मोबाइल से चल रहा था ड्रग नेटवर्क – Amritsar News
भास्कर न्यूज | अमृतसर सिटी पुलिस ने 1.45 किलो हेरोइन, 64 हजार रुपए ड्रग मनी के साथ 4 तस्करों को काबू किया है। एसीपी सेंट्रल सुरिंदर सिंह ने बताया कि थाना इस्लामाबाद के मुख्य अफसर इंस्पेक्टर हरसंदीप सिंह और कोट खालसा पुलिस चौकी के इंचार्ज एसआई दविंदर सिंह की टीम ने नाकाबंदी के दौरान 2 स्कूटी सवार संदिग्धों को काबू किया। तलाशी लेने पर हेरोइन और ड्रग मनी और इलेक्ट्रॉनिक कंडा बरामद हुआ। चौकी इंचार्ज एसआई दविंदर सिंह ने थाना इस्लामाबाद में केस दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस जांच के दौरान खुलासा हुआ है कि इस पूरे ड्रग नेटवर्क का मास्टरमाइंड कंवलजीत सिंह उर्फ कंवल है, जो अमृतसर सेंट्रल जेल में बंद है और जेल के अंदर से ही इस गिरोह को ऑपरेट कर रहा था। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों को एक किलो हेरोइन सप्लाई करने के 50 हजार रुपए से 1 लाख रुपए तक मिलते थे। हालांकि पुलिस आरोपियों के बैंक खातों की भी जांच कर रही है। इसके साथ आरोपियों के मोबाइल से पाकिस्तानी नंबर भी सामने आए है। जेल में बंद मास्टरमाइंड कंवलजीत सिंह उर्फ कंवल अंदर से मोबाइल पर ही सारा गिरोह चला रहा था। आरोपी से मोबाइल की बरामदगी की गई है। उनके कहने पर ही उसके साथी हेरोइन की सप्लाई बार्डर से लाते और आगे सप्लाई करते थे। पुलिस ने जेल में बंद कंवलजीत को इस केस में नामजद कर प्रोडक्शन वारंट पर लाकर गिरफ्तार किया। इसके अलावा, उससे पूछताछ के बाद बटाला से हेरोइन सप्लाई करने वाले उसके साथी सिमरनजीत सिंह उर्फ साबी को भी दबोच लिया गया है। पुलिस ने बताया कि सबसे पहले दो आरोपी जिनकी पहचान दानिश उर्फ नन्नू निवासी मसीत वाली गली लोहगढ़ चौक, गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी निवासी गांव चीचा के रूप में हुई है, को काबू किया गया। जांच में तीसरा आरोपी जेल से नामजद किया गया कंवलजीत सिंह उर्फ कंवल निवासी गांव चीचा शामिल है। उसकी निशानदेही पर चौथे आरोपी की पहचान सिमरनजीत सिंह उर्फ साबी निवासी मुर्गी मोहल्ला बटाला गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों का पुराना बैकग्राउंड काफी आपराधिक है। मुख्य आरोपी दानिश उर्फ नन्नू पर पहले से 4 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें नशा तस्करी, चोरी और चोरी का सामान रखने का जुर्म, स्नैचिंग, रास्ता रोकना, अपराधियों को पनाह देना और अवैध हथियार रखने जैसे अपराध शामिल हैं। कंवलजीत सिंह पर पहले से ही नशा तस्करी के 3 मामले दर्ज हैं, जिनमें भारी मात्रा में हेरोइन की तस्करी का केस भी शामिल है। इसके अलावा, बटाला से पकड़े गए चौथे आरोपी सिमरनजीत सिंह पर भी पहले से नशा तस्करी का 1 मामला दर्ज है। दूसरे आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपा पर पहले कोई केस दर्ज नहीं है।
Source link

